पटवारी पर सरपंच चुनाव प्रचार का आरोप, जिला कलेक्टर को शिकायत
पटवारी पर सरपंच चुनाव प्रचार का आरोप, जिला कलेक्टर को शिकायत
पीसांगन। ग्राम पंचायत पृथ्वीराज खेड़ा के ग्रामीणों ने एक सरकारी कर्मचारी (पटवारी) पर सरपंच चुनाव में एक प्रत्याशी के रूप में प्रचार करने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर अजमेर को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पटवारी पोलू राम वर्तमान में पटवारी पद पर कार्यरत होने के बावजूद सरपंच पद के प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वे लोगों को राजस्व संबंधी लाभ दिलाने का झांसा देकर अपने पक्ष में प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार पटवारी द्वारा अपने पद का प्रभाव इस्तेमाल किए जाने से गांव में सरकारी कर्मचारी की निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित पटवारी पूर्व में स्थानांतरण के बाद भी राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पटवारी को चुनाव प्रक्रिया से दूर रखा जाए तथा चुनाव अवधि में छुट्टी पर भेजकर सरकारी कार्यालय में ही ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके।