सिसोदिया खारवाल शिक्षा एवं समाज उत्थान समिति का प्रथम मार्गदर्शन शिविर पुष्कर में संपन्न: 10 मेधावी छात्रों को दी गई 2 लाख रुपये की छात्रवृत्ति
सिसोदिया खारवाल शिक्षा एवं समाज उत्थान समिति का प्रथम मार्गदर्शन शिविर पुष्कर में संपन्न: 10 मेधावी छात्रों को दी गई 2 लाख रुपये की छात्रवृत्ति
पुष्कर, 10 मई 2026। श्री चारभुजा नाथ जी मंदिर, पुष्कर में रविवार को ‘सिसोदिया खारवाल शिक्षा एवं समाज उत्थान समिति’ के तत्वावधान में प्रथम मार्गदर्शन शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, शेखावाटी, लेनवाई, कोटा, गंगापुर सिटी और जयपुर सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से समाज बंधुओं ने बड़ी संख्या में शिरकत की।
महाराणा प्रताप के माल्यार्पण से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर समिति के संस्थापक एवं संरक्षक मुकेश कुमार बिरौलिया ने समिति द्वारा संचालित की जा रही छात्रवृत्ति योजना के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। साथ ही, समाज के उत्थान में अपना अहम योगदान देने वाले सभी भामाशाहों का साफा, माला और स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मान किया गया।
विशेषज्ञों ने दिया करियर मार्गदर्शन
कार्यक्रम की अगली कड़ी में समाज के प्रबुद्धजनों ने छात्र-छात्राओं को करियर निर्माण के अलग-अलग क्षेत्रों की जानकारी दी। श्री रूपाराम जी (जोधपुर), श्री आसाराम (टोंक), दुर्गेश (आबूरोड), राजेश ठेकेदार कोटपुतली बहरोड़, संरक्षक मुकेश चौकड़ी, मंगलसिंह (टोंक) रतनलाल (सिंगावल) सचिव अशोक खारोल (निजामपुरा), श्री हरिराम (टोंक), श्री दुर्गेश (टोंक), राजेंद्र (फालना) मंगलाराम खारोल (निजामपुरा) ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें सफलता के सूत्र बताए।
प्रतिभाओं का सम्मान और छात्रवृत्ति वितरण
शिविर में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया:
छात्रवृत्ति: समिति की योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 10 प्रतिभाशाली बच्चों का चयन कर उन्हें कुल 2 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
प्रोत्साहन: बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप आने-जाने का किराया प्रदान किया गया।
खेल प्रतिभा सम्मान: एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर समाज का नाम रोशन करने वाली अलवर की कल्पना सिंह को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
नारी शिक्षा को दिया गया विशेष बढ़ावा
बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए समिति के अध्यक्ष भेरूलाल सिसोदिया ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चियों को 1100-1100 रुपये भेंट किए और नारी शिक्षा के महत्व पर बल दिया।
कार्यक्रम के समापन पर समिति के अध्यक्ष ने भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में किए जाने वाले कार्यों और नई योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और पधारे हुए समाज बंधुओं का आभार व्यक्त किया।
प्रेषक:
सिसोदिया खारवाल शिक्षा एवं समाज उत्थान समिति