राजस्थान में जल्द हो सकता है बड़ा मंत्रिमंडल फेरबदल, भीलवाड़ा से भी मंत्री बनने की चर्चा तेज
राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मंत्रिमंडल विस्तार और बड़े प्रशासनिक फेरबदल को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है, जिसमें कई नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।
राजनीतिक चर्चाओं के बीच सबसे ज्यादा उत्साह भीलवाड़ा जिले में देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि इस बार जिले से किसी विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन भाजपा संगठन और सत्ता के भीतर चल रही गतिविधियों ने चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
परफॉर्मेंस के आधार पर तय होगा मंत्रियों का भविष्य
सूत्रों के अनुसार आगामी पंचायत और निकाय चुनावों को देखते हुए भाजपा नेतृत्व पूरी रणनीति के साथ मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी में जुटा है। संगठन और सरकार दोनों स्तर पर मंत्रियों के कामकाज का फीडबैक लिया गया है। माना जा रहा है कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों का कद बढ़ाया जा सकता है, जबकि कमजोर प्रदर्शन वाले चेहरों की छुट्टी भी संभव है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इस बार क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को साधने के साथ-साथ सरकार अपनी हिंदुत्ववादी छवि को और मजबूत करने वाले चेहरों को प्राथमिकता दे सकती है। वर्तमान में भजनलाल सरकार में कई पद खाली चल रहे हैं, ऐसे में विस्तार की संभावना और मजबूत मानी जा रही है।
दिल्ली में हुई अहम बैठक, आलाकमान का फोकस राजस्थान पर
सूत्रों के मुताबिक हाल ही में दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई बैठकों में राजस्थान मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा हुई है। पार्टी नेतृत्व ने मौजूदा मंत्रियों के कामकाज, जनता से जुड़ाव और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में फेरबदल के बाद अब भाजपा आलाकमान का फोकस राजस्थान पर है। ऐसे में जल्द ही बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं।
अनुभवी और युवा चेहरों का हो सकता है संतुलन
भाजपा संगठन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी मौका मिल सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समर्थक खेमे के कुछ नेताओं को भी जिम्मेदारी मिलने की चर्चाएं हैं।
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा संगठन ऐसा संतुलन बनाने की तैयारी में है, जिससे क्षेत्रीय असंतोष कम हो और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हो सके।
📢 क्या आपके क्षेत्र में भी कोई बड़ी राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक बदलाव या जनसमस्या है?
अब आवाज राजस्थान की तेजी से अपना विस्तार कर रहा है।
📍 ब्यावर | जयपुर | भीलवाड़ा से जुड़ी खबरें, वीडियो और स्थानीय अपडेट हमें भेजें।
आपकी खबर बन सकती है प्रदेश की बड़ी सुर्खी।
Whatsapp Number – +91 6376445473