मोदी सरकार के 12 वर्ष सुशासन और विकास के स्वर्णिम वर्ष : राजेंद्र सिंह राठौड़
ब्यावर, 12 जून। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाने में सफल रहा है।
ब्यावर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राठौड़ ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। बुनियादी ढांचे, रक्षा उत्पादन, डिजिटल तकनीक और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा रक्षा उपकरणों के निर्यात में भी रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है।
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने बताया कि देशभर में करोड़ों परिवारों को आवास, गैस कनेक्शन, नल से जल तथा किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।
राजस्थान सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार निवेश, रोजगार, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर समझौते किए गए हैं तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भर्ती प्रक्रियाओं को गति दी गई है। पेपर लीक मामलों पर कार्रवाई के लिए विशेष जांच तंत्र भी सक्रिय किया गया है।
उन्होंने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र के लिए यमुना जल समझौता तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए प्रस्तावित जल परियोजनाएं भविष्य में पेयजल और सिंचाई की स्थिति को मजबूत करेंगी। वहीं महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत, पूर्व जिला महामंत्री पवन जैन, जिला महामंत्री अर्जुन नलिया सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पवन जैन ने किया जबकि अंत में अर्जुन नलिया ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत ने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने तथा लोक कल्याणकारी शिविरों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।