आज से शुरू होंगे शहरी व ग्रामीण सेवा शिविर, आमजन को मिलेगा योजनाओं का लाभ
ब्यावर, 12 जून। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने तथा विभिन्न नागरिक सेवाओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में शुक्रवार से शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का शुभारंभ होगा। शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करने और विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
नगर परिषद ब्यावर के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि शहरी सेवा शिविर 12 जून से 15 जुलाई तक नगर परिषद परिसर में आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 जून को वार्ड संख्या 1 से 3, 15 जून को वार्ड 4 से 6, 16 जून को वार्ड 7 से 9, 18 जून को वार्ड 10 से 12 तथा 19 जून को वार्ड 13 से 15 के निवासियों के लिए शिविर लगाए जाएंगे।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी सेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिला कलक्टर के अनुसार 12 जून को ब्यावर उपखंड की ग्राम पंचायत नरबदखेड़ा, रायपुर उपखंड की देवलीकलां एवं बांसिया, जैतारण उपखंड की चावण्डिया एवं पाटवा, मसूदा उपखंड की खरवा एवं अंधेरी देवरी, बदनोर उपखंड की बदनोर तथा टॉडगढ़ उपखंड की बड़ाखेड़ा ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इधर सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की अध्यक्ष महिमा कुमारी मेवाड़ की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक शुक्रवार को प्रातः 11 बजे जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विषय पर आधारित यह प्रदर्शनी 12 से 14 जून तक जिला कलेक्ट्रेट परिसर में प्रतिदिन प्रातः 10:30 बजे से आमजन के लिए खुली रहेगी।
प्रशासन ने नागरिकों से शिविरों एवं प्रदर्शनी में भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।