ग्राम पंचायत ब्रिकचियावास में आयोजित शिविर ने एक और परिवार के जीवन में
सफलता की कहानी-6
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना बनी पशुपालकों का सुरक्षा कवच
ग्रामीण सेवा शिविर में पंजीकरण के बाद मुन्नी देवी को मिली आर्थिक सुरक्षा, बढ़ा आत्मविश्वास
राजस्थान सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत अजमेर ग्रामीण की ग्राम पंचायत ब्रिकचियावास में आयोजित शिविर ने एक और परिवार के जीवन में भरोसे और सुरक्षा की नई किरण जगाई। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना (एमएमपीबीवाई) से लाभान्वित होकर ग्राम ब्रिकचियावास निवासी मुन्नी देवी, पत्नी श्री नारायण सेन, को अपने पशुधन के लिए निःशुल्क बीमा सुरक्षा प्राप्त हुई, जिससे उनका परिवार आर्थिक रूप से अधिक सुरक्षित महसूस कर रहा है।
लाभार्थी मुन्नी देवी ने बताया कि उनका परिवार मुख्य रूप से पशुपालन पर निर्भर है। ग्रामीण परिवेश में दुधारू पशु ही परिवार की सबसे बड़ी पूंजी और आजीविका का प्रमुख आधार होते हैं। ऎसे में पशु की बीमारी अथवा आकस्मिक मृत्यु से होने वाले आर्थिक नुकसान की चिंता हमेशा बनी रहती थी।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान उन्हें मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत योजना में पंजीकरण कराया, जिसके बाद उनके दुधारू पशुओं का निःशुल्क बीमा किया गया। योजना के तहत किसी भी आकस्मिक क्षति की स्थिति में निर्धारित मुआवजा राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी, जिससे परिवार को आर्थिक संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस योजना ने उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार दिया है। अब वे बिना किसी भय के पशुपालन व्यवसाय को आगे बढ़ा रही हैं और भविष्य को लेकर अधिक आश्वस्त हैं।
उन्होंने राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना हमारे जैसे छोटे पशुपालकों के लिए किसी सुरक्षा कवच से कम नहीं है। अब हमारी मेहनत और हमारा पशुधन दोनों सुरक्षित हैं। ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से हमें यह लाभ आसानी से मिला, जिसके लिए हम सरकार और प्रशासन के आभारी हैं।