91 हजार से अधिक जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कर रहे शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग

91 हजार से अधिक जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कर रहे शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग
Spread the love

उदयपुर राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविर अब जनसेवा का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ उनके घर के नजदीक ही उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

राज्य सरकार द्वारा 12 जून से 13 जुलाई तक प्रदेशभर में 7 हजार 701 शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में नागरिकों को विभिन्न सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान 38 हजार 494 पट्टे, 12 हजार 163 नाम हस्तांतरण और 6 हजार 811 भवन मानचित्र प्रकरणों का निस्तारण किया गया। वहीं, 91 हजार 599 जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र तथा 5 हजार 644 ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी किए गए।

स्वच्छता और सुशासन को मिल रहा बढ़ावा

शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। शिविरों के माध्यम से 25 हजार 448 कचरा संभावित केंद्रों को समाप्त किया गया, जबकि 2 हजार 517 नए सीवर कनेक्शन स्वीकृत किए गए। शहरों की आंतरिक सड़कों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए 19 हजार 978 नई स्ट्रीट लाइट लगाई गईं और 62 हजार 42 स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया गया।

इसके अलावा शिविरों में 38 हजार 381 विद्युत कनेक्शन जारी किए गए। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पालनहार योजना में 11 हजार 132 बच्चों का नव सत्यापन किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 17 हजार 354 आवेदन प्राप्त कर छोटे कारोबारियों के लिए ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।

मुख्यमंत्री कर रहे स्वयं निगरानी

राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है। शहरी सेवा शिविरों के बेहतर क्रियान्वयन और आमजन को त्वरित राहत सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं इनकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री समय-समय पर शिविरों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद कर रहे हैं और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर फीडबैक भी ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई पहल करते हुए आमजन तक सुविधाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

Download Mobile App – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.awazrajasthan.news

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *