फर्जी पत्रकारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रेस क्लब का प्रदर्शन, कलक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा-आशीष पाराशर । पत्रकारिता की आड़ में आमजन से धोखाधड़ी, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग करने वाले तथाकथित फर्जी पत्रकारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रेस क्लब भीलवाड़ा के बैनर तले पत्रकारों ने जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू एवं जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रेस क्लब अध्यक्ष सुखपाल जाट के नेतृत्व में पत्रकारों ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर पत्रकारों का पुलिस सत्यापन कराने तथा बिना मान्यता पत्रकार का तमगा लगाकर घूमने वाले लोगों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
प्रेस क्लब अध्यक्ष सुखपाल जाट ने कहा कि जिले में मीडिया का नाम लेकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त कुछ तत्व वास्तविक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता की साख को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे लोगों के कारण आमजन का मीडिया पर विश्वास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली और धोखाधड़ी करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही सोशल मीडिया और पोर्टल के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए।
पत्रकारों ने ज्ञापन में कहा कि आमजन को ठगी और अनावश्यक दबाव से बचाने के लिए जिले में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जाए तथा जिला, उपखंड और थाना स्तर पर पत्रकारों का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू एवं पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए नियमानुसार पत्रकारों के सत्यापन सहित आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर प्रेस क्लब महासचिव राजेश मेठानी, कोषाध्यक्ष सतीश वर्मा, वरिष्ठ पत्रकार मधु जाजू, रतन प्रजापति, अरुण मुछाल, राजेंद्र शर्मा, भगवान मेठानी, प्रहलाद तेली, अंकुर बोरदिया, राहुल कौशिक, जयेश पारीक, प्रकाश चपलोत, महावीर समदानी, लकी शर्मा, कृष्णगोपाल गोयल, पुनीत चपलोत, अंकुर सनाढ्य, रवि पायक, दीपेश छीपा, आशीष पाराशर, अमित शर्मा, अमित काबरा, पंकज पोरवाल, दुर्गेश पानेरी, अनिल शर्मा, चेतन उपाध्याय, धर्मेंद्र कोठारी, सुशील लोढ़ा, विजय जैथलिया सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार उपस्थित रहे।