20 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक: लक्ष्य अनुरूप कार्य करने के निर्देश, कम प्रगति वाले विभागों को चेतावनी
20 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक: लक्ष्य अनुरूप कार्य करने के निर्देश, कम प्रगति वाले विभागों को चेतावनी
अजमेर, 22 जुलाई। जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में बुधवार को 20 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की जून 2026 तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य आयोजना अधिकारी रुद्रा रेणु ने बैठक में 20 सूत्री कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों की जून माह की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि राजीविका, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग (संस्थागत प्रसव), अनुसूचित जाति-जनजाति निगम, वन विभाग तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़े सूत्रों में निर्धारित लक्ष्यों के मुकाबले उपलब्धि अपेक्षाकृत कम रही।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में आवंटित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत गुणात्मक एवं मात्रात्मक उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि 20 सूत्री कार्यक्रम सरकार की विकास योजनाओं को गति देने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए सभी विभाग समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरे करें।
उन्होंने संभावित आचार संहिता को देखते हुए विभागों से लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों से कहा कि वर्षा समाप्त होते ही सड़क निर्माण एवं अन्य कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित लक्ष्य पूरे किए जाएं।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि प्रत्येक विभाग मासिक प्रगति रिपोर्ट जिला स्तर के सक्षम अधिकारी से जांच एवं सत्यापन के बाद प्रत्येक माह की एक तारीख तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए, ताकि योजनाओं की नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।