जयघोषों के बीच निकली भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम
जयघोषों के बीच निकली भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम
नसीराबाद (अनिल लोहरे)।
आस्था, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम गुरुवार को नसीराबाद में देखने को मिला, जब भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का शुभारंभ फ्रांजी चौक स्थित जीडी टावर से शाही अंदाज में किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भजन-कीर्तन और “जय जगन्नाथ” के जयघोषों के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय रंग में रंग दिया। रथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई जैसे ही गांधी चौक पहुंची, वहां श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान के रथ को खींचने के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रंग-बिरंगी झांकियां, आकर्षक सजावट और भक्ति गीतों ने यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। हर ओर आस्था का सैलाब और उत्साह का माहौल देखने को मिला, जिसने इस आयोजन को यादगार बना दिया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। तीन थानों का पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। एसडीएम कल्पित शिवरण, पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण कुमार यादव एवं थाना अधिकारी करण सिंह ने मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकली यह रथ यात्रा शांतिपूर्ण और भव्य रूप से आगे बढ़ती रही, जो शहरवासियों के लिए आस्था और एकता का प्रतीक बनी। इस अवसर पर संदीप अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, मोनू चौकड़ीवाल, संजय गोयल, दीपक सिंघल, विजय तेला, प्रतीक जिंदल, रामजी सिंघल एवं नौरत प्रजापति सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे, जिनकी मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।