जिला कलक्टर ने रसूलपुरा में रात्रि चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
अजमेर, 25 जुलाई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित एवं धरातलीय निस्तारण तथा प्रशासन की पहुंच अंतिम छोर तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को अजमेर ग्रामीण की ग्राम पंचायत रसूलपूरा में जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं एवं सुझावों को सुना। रात्रि चौपाल में 37 परिवाद प्राप्त हुए।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि गांवों में रात्रि चौपाल आयोजित करने का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को उनके बीच पहुंचकर समझना तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से उनका पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को सुगम और प्रभावी जनसेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा शेष परिवादों के शीघ्र एवं नियमानुसार निस्तारण के लिए विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने जनहित एवं व्यक्तिगत महत्व से जुड़े विभिन्न परिवाद प्रस्तुत किए। इनमें अतिक्रमण हटाने, मुख्य सड़क के दोनों ओर से झाड़ियां हटाने, वन विभाग के नाले की सफाई करने, अवैध नल कनेक्शन हटाने, पेयजल का उपयोग अन्य कार्यों के लिए रोकने, गैस पाइपलाइन डालने के उपरांत सड़क तुरंत मरम्मत करने, आबादी क्षेत्र विस्तार, नए आंगनबाड़ी भवन के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव बनाने, विद्युत आपूर्ति में सुधार, संपर्क मार्गों की मरम्मत तथा नियमानुसार रास्ता खुलवाने जैसी प्रमुख समस्याएं शामिल रहीं।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गुप्ता, उपखंड अधिकारी पदमा देवी, तहसीलदार ओम सिंह लखावत, प्रशासक रामलाल भाटी, पूर्व जिला परिषद सदस्य श्रवण सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।