केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे व छात्रों की जीत पर अजमेर में कांग्रेस का ‘विजय मार्च’
”राहुल गांधी के नेतृत्व और छात्रों के संघर्ष के आगे झुकी केंद्र सरकार, युवाओं के हक की लड़ाई रहेगी जारी” — विधायक डॉ. विकास चौधरी
अजमेर/किशनगढ़:ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शनिवार को अजमेर में देश के छात्रों-युवाओं की जीत के उपलक्ष्य में ‘विजय मार्च’ का आयोजन किया गया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद आयोजित यह संयुक्त प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी अजमेर ग्रामीण के अध्यक्ष व किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी तथा जिला कांग्रेस कमेटी अजमेर शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ।
यह भव्य एवं अनुशासित विजय मार्च ज्योतिबा फूले सर्किल (अजमेर) से शुरू होकर केंद्रीय बस स्टैंड के समीप स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्किल तक निकाला गया। वहाँ पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया तथा देश के युवाओं, छात्रों के अटूट संघर्ष और राहुल गांधी जी के निडर नेतृत्व को यह जीत समर्पित की गई।
विजय मार्च में जिले भर से आए पार्टी पदाधिकारियों, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, जनप्रतिनिधियों, अग्रिम संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं तथा छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं आम नागरिकों ने तिरंगे झंडे व उत्साहपूर्वक नारों के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
छात्र शक्ति व राहुल गांधी जी के दृढ़ संघर्ष की जीत: डॉ. विकास चौधरी
कार्यक्रम के दौरान अजमेर ग्रामीण जिलाध्यक्ष व किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं व छात्रों को संबोधित करते हुए कहा:
”देश का युवा और छात्र वर्ग जब अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरता है तो बड़ी से बड़ी सत्ता को झुकना पड़ता है। NEET और CBSE जैसी परीक्षाओं में धांधली तथा अपने हक की आवाज को बुलंद कर रहे छात्रों पर हुए बर्बरतापूर्ण हमलों के खिलाफ देश भर में हुए विरोध के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा देश के युवाओं और छात्रों के ऐतिहासिक संघर्ष की पहली बड़ी जीत है। केंद्र सरकार को यह फैसला लेने पर मजबूर होना पड़ा है।”
डॉ. चौधरी ने आगे कहा कि “यह विजय मार्च देश के करोड़ों ठगे गए छात्रों व राहुल गांधी जी के सतत संघर्ष को समर्पित है, जो हर परिस्थिति में युवाओं के साथ चट्टान की तरह खड़े रहे। हालांकि, यह लड़ाई अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। जब तक संपूर्ण परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता नहीं आती और हर पीड़ित छात्र को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक सड़क से लेकर सदन तक कांग्रेस का यह संघर्ष अनवरत जारी रहेगा।”
शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि यह जीत देश की युवा शक्ति की एकजुटता का परिणाम है और कांग्रेस पार्टी सदैव छात्रों व युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, पूर्व मंत्री धर्मेंद्र राठौड, पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर, गोपाल बाहेती,पूर्व जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़, ओबीसी जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, अजय गौड, मोहित खंडेलवाल, जीवन भाकर, संजय जोशी, सुभाष सेठी, रामविलास थाकण, जगदीश गोरा, नेता प्रतिपक्ष हमीदा बानो, नगर अध्यक्ष आजम कुरैशी, अब्बास भाई, महिला अध्यक्ष माया मैडम, असलम सदर, कलीम कुरैशी, वसीम,युवा नेता रामावतार जाटली, गंगाराम रावत, हनुमान वैष्णव, दामोदर शर्मा, अशरफ बुलंद सहित अजमेर ग्रामीण व शहर कांग्रेस कमेटी के सभी वरिष्ठ नेता, पीसीसी सदस्य, पार्षद, पंचायत समिति सदस्य, एनएसयूआई (NSUI), युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवा दल एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा हजारों की संख्या में क्षेत्र के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।