नसीराबाद में 1 अगस्त को गूंजेंगे रफ़ी के अमर गीतजवाहर नवोदय विद्यालय, नसीराबाद में सजेगी भव्य संगीतमय संध्या
नसीराबाद में 1 अगस्त को गूंजेंगे रफ़ी के अमर गीत
जवाहर नवोदय विद्यालय, नसीराबाद में सजेगी भव्य संगीतमय संध्या
नसीराबाद (अनिल लोहरे)।
शहर के संगीत प्रेमियों के लिए 1 अगस्त का दिन बेहद खास होने जा रहा है। इंडिया इंटरनेशनल म्यूजिक लवर्स सोसायटी (IIMLS) के तत्वावधान में जवाहर नवोदय विद्यालय, नसीराबाद में मोहम्मद रफ़ी को समर्पित एक भव्य संगीतमय संध्या का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम संस्था के 111वें सांस्कृतिक आयोजन के रूप में आयोजित होगा, वहीं 2 अगस्त को अजमेर में 112वां कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
इस संगीतमय शाम में देश के ख्यातनाम कलाकारों द्वारा रफ़ी साहब के अमर गीतों की मधुर प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि संगीत के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाना और म्यूजिक थेरेपी के महत्व को समाज तक पहुंचाना भी है।
संस्था पिछले कई वर्षों से संगीत को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, कैंसर, मधुमेह एवं सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर कार्य कर रही है। इसके साथ ही जरूरतमंद बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा, सांस्कृतिक प्रशिक्षण एवं व्यक्तित्व विकास के अवसर भी प्रदान किए जा रहे हैं।
“एक जन्मदिन-एक पौधा” अभियान के तहत वृक्षारोपण, पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के प्रयास भी संस्था द्वारा लगातार किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा, शिक्षा, समाजसेवा, संगीत एवं राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान भी किया जाएगा।
कार्यक्रम सयोजक मे विशेष उपस्थिति रहेगी, जिनमें डॉ. लाल थदानी, डॉ. विनायक गौड़ (कार्यक्रम संयोजक), के.टी. अलवानी, रविंद्र माथुर, कुमकुम जैन, उपेन्द्र सिंह राठौड़ एवं रिदम गर्ग प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
संस्था के संस्थापक डॉ. लाल थदानी ने बताया कि यह आयोजन भविष्य में प्रस्तावित म्यूजिक थेरेपी योग मेडिटेशन वेलनेस सेंटर की स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।