31 अगस्त तक पौधारोपण पूरा करने और हर शनिवार ‘नो बैग डे’ पर विशेष अभियान के निर्देश—शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री

31 अगस्त तक पौधारोपण पूरा करने और हर शनिवार ‘नो बैग डे’ पर विशेष अभियान के निर्देश—शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री
Spread the love

हर पौधे का संरक्षण सुनिश्चित कर साकार करें हरियालो राजस्थान
— शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री

जयपुर, । शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप “एक पेड़ मां के नाम : मिशन हरियालो राजस्थान” को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाते हुए निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल संख्या तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण और उसके जीवित रहने की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सोमवार को शासन सचिवालय स्थित पंचायतीराज विभाग के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री दिलावर ने वर्ष 2026-27 के पौधारोपण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण एवं हरित राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए “एक पेड़ मां के नाम : मिशन हरियालो राजस्थान” के तहत वर्ष 2026 में 3.61 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य लेकर कार्य कर रही है। सभी विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें।

31 अगस्त तक पौधारोपण पूरा करने और हर शनिवार ‘नो बैग डे’ पर विशेष अभियान के निर्देश—

मंत्री दिलावर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 31 अगस्त तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी पौधारोपण कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने मानसून का अधिकतम लाभ उठाते हुए पौधारोपण स्थलों का समय पर चयन, गड्ढों की तैयारी तथा पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

उन्होंने पौधारोपण के बाद नियमित निगरानी, री-जियो टैगिंग, गैप फिलिंग तथा पौधों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा विभाग एवं पंचायती राज विभाग को प्रत्येक शनिवार ‘नो बैग डे’ के अवसर पर संयुक्त रूप से विशेष पौधारोपण गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन की सक्रिय भागीदारी से मिशन हरियालो राजस्थान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी पर जोर—

दिलावर ने शिक्षा विभाग एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। अभियान के तहत प्रत्येक विद्यार्थी द्वारा प्रतिमाह 20 पौधे तथा प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी द्वारा 40 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने दोनों विभागों को इसके लिए समन्वित एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में विद्यार्थियों, सरकारी कर्मचारियों और आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित कर वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्कूल शिक्षा राजेश कुमार यादव, शासन सचिव एवं आयुक्त, पंचायती राज विभाग डॉ. जोगाराम सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *