वीबी-जी राम जी योजना पर संभाग स्तरीय मंथन, योजनाओं की प्रगति की दिनभर हुई गहन समीक्षा
वीबी-जी राम जी योजना पर संभाग स्तरीय मंथन, योजनाओं की प्रगति की दिनभर हुई गहन समीक्षा
आयुक्त पुष्पा सत्यानी ने दिए पौधारोपण, जल संरक्षण और योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश
अजमेर। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा विकसित भारत–जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को अजमेर संभाग मुख्यालय पर संभाग स्तरीय कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। शासन सचिव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अजमेर संभाग के सभी जिलों की योजनाओं की प्रगति, नवाचार, सामाजिक अंकेक्षण, विभागीय सतर्कता प्रकरणों तथा लंबित मामलों पर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे हुआ। प्रथम सत्र में वीबी-जी राम जी आयुक्त पुष्पा सत्यानी ने योजना के उद्देश्य, क्रियान्वयन एवं जिलेवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान वर्षा ऋतु को देखते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत में अधिक से अधिक पौधारोपण कराया जाए तथा जल संरक्षण एवं जल संचयन से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया।
दोपहर बाद आयोजित तकनीकी सत्र में विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उद्यान योजना सहित विभिन्न विशेष क्षेत्रीय विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों एवं चुनौतियों पर प्रस्तुतिकरण देते हुए आवश्यक सुझाव साझा किए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की भी गहन समीक्षा की गई। स्वीकृत आवासों के निर्माण, लंबित प्रकरणों, भुगतान की प्रगति तथा लक्ष्य पूर्ति की स्थिति का जिलावार मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद राजीविका योजना, विभागीय सतर्कता प्रकरणों, जांच संबंधी मामलों तथा सामाजिक अंकेक्षण से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में अजमेर संभाग के जिला स्तरीय अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि विभिन्न पंचायत समितियों के ब्लॉक विकास अधिकारी एवं अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति की व्यापक समीक्षा कर उनके प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को गति देना तथा जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
बैठक के समापन के बाद घूघरा स्थित सीबीईओ कार्यालय परिसर में अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।