दहीखेड़ा में कृषि विभाग की कार्रवाई, 1500 बैग खाद जब्त
सिखवाल कृषि सेवा केंद्र पर रिकॉर्ड, बिल और स्टॉक में मिली अनियमितताएं; 11 उर्वरकों के नमूने जांच के लिए भेजे
झालावाड़/पनवाड़ा। किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और खाद की बिक्री-वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कृषि विभाग की ओर से जिलेभर में निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को दहीखेड़ा स्थित सिखवाल कृषि सेवा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आवश्यक दस्तावेज और वैधानिक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभाग ने 1,000 बैग डीएपी और 500 बैग पोटाश, कुल 1,500 बैग उर्वरक जब्त कर विभागीय अभिरक्षा में ले लिए।
कार्रवाई संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), जिला परिषद झालावाड़ डॉ. नरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित निरीक्षण दल ने की। टीम को जांच के दौरान उर्वरकों से संबंधित रिकॉर्ड में कई अनियमितताएं मिलीं।
बिल जारी नहीं करने समेत कई अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि किसानों को उर्वरक की बिक्री के समय बिल जारी नहीं किए जा रहे थे। इसके अलावा केंद्र पर मूल्य सूची और स्टॉक की जानकारी भी प्रदर्शित नहीं की गई थी। लाइसेंस में उर्वरकों का उचित रिकॉर्ड दर्ज नहीं होने की बात भी निरीक्षण में सामने आई।
विभाग ने दस्तावेजों और स्टॉक से संबंधित स्थिति को देखते हुए 1,500 बैग उर्वरक जब्त कर विभागीय अभिरक्षा में ले लिए। मामले में विभागीय जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।
11 उर्वरकों के नमूने लिए
कृषि सेवा केंद्र पर उपलब्ध अन्य उर्वरकों की गुणवत्ता की जांच के लिए विभिन्न प्रकार के 11 उर्वरकों के नमूने भी लिए गए हैं। इन नमूनों को अधिकृत प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिलेभर में सघन निरीक्षण अभियान
संयुक्त निदेशक कृषि डॉ. नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा के साथ-साथ उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनियमित बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिलेभर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से कार्रवाई कृषि अधिकारी (फसल) कार्यालय एवं सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) प्रेम शंकर गोर द्वारा की जा रही है।