पंचायत चुनाव: आचार संहिता से पहले हो सकते हैं लोकार्पण-शिलान्यास

पंचायत चुनाव: आचार संहिता से पहले हो सकते हैं लोकार्पण-शिलान्यास
Spread the love

चुनावी बिगुल से पहले विकास कार्यों के ‘फीते’ काटने की तैयारी, जिलों से मांगी गई पात्र कार्यों की सूची

जयपुर। राजस्थान में आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर तैयारियां तेज होने के साथ ही गांवों में विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास को लेकर भी कवायद शुरू हो गई है। चुनावी आचार संहिता लागू होने से पहले सरकार जिलों में ऐसे विकास कार्यों की सूची तैयार करवा रही है, जिनका शिलान्यास या लोकार्पण किया जा सके।

मुख्यमंत्री कार्यालय और आयोजना विभाग के निर्देशों के बाद ग्रामीण विकास विभाग ने सभी जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से पात्र विकास कार्यों का ब्योरा मांगा है। जिलों से प्राप्त सूची के आधार पर यह तय किया जाएगा कि किन परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा सकता है और किन पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया जा सकता है।

शिलान्यास के लिए जरूरी होंगी ये शर्तें

विभाग की ओर से जिलों को भेजे गए प्रारूप में शिलान्यास को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं। केवल उन्हीं कार्यों को सूची में शामिल किया जाएगा, जिनका पहले शिलान्यास नहीं हुआ हो। साथ ही संबंधित परियोजना को सक्षम स्तर से स्वीकृति मिल चुकी हो और उसके बाद कार्यादेश भी जारी हो चुका हो।

सिर्फ स्वीकृत परियोजना को शिलान्यास की सूची में शामिल नहीं किया जा सकेगा। इससे ऐसे कार्यों के दोबारा शिलान्यास को लेकर होने वाले विवाद से बचने की कोशिश की गई है।

लोकार्पण के लिए 100 प्रतिशत काम पूरा होना जरूरी

लोकार्पण के लिए संबंधित विकास कार्य का पूरी तरह यानी 100 प्रतिशत पूरा होना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा कार्य की पूर्णता तिथि वर्तमान सरकार के कार्यकाल की होनी चाहिए। ऐसे में जिलों को पुराने या पूर्व सरकार के कार्यकाल में पूर्ण हुए कार्यों के बजाय मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पूरे किए गए पात्र कार्यों का ही ब्योरा देना होगा।

17 और 18 सितंबर को आरक्षण की लॉटरी

पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया में आरक्षण को लेकर भी महत्वपूर्ण चरण इसी सप्ताह पूरा होने की तैयारी है। जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्यों, प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों के लिए आरक्षण की लॉटरी 17 सितंबर 2026 को निकाली जाएगी। वहीं उपखंड स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच के आरक्षण की लॉटरी 18 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है।

आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। ऐसे में आचार संहिता लागू होने से पहले विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण को लेकर जिलों में तैयारियां तेज हो गई हैं।

सीकर से 21 कार्यों की सूची तैयार

जिलों में भी विकास कार्यों की सूची तैयार करने का काम शुरू हो चुका है। सीकर में 21 कार्यों की सूची जिला प्रशासन की ओर से तैयार की गई है, जिनमें 17 कार्य शिलान्यास से संबंधित बताए जा रहे हैं।

वहीं बालोतरा जिला परिषद में कई विकास कार्यों के लोकार्पण प्रस्तावित हैं। उदयपुर जिले में गोगुंदा अटल पथ के लोकार्पण का प्रस्ताव है। इसके अलावा उदयपुर जिले की आठ विधानसभा क्षेत्रों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कुछ कार्यों के शिलान्यास भी प्रस्तावित बताए जा रहे हैं।

अब नजर इस बात पर रहेगी कि आरक्षण की प्रक्रिया और चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से पहले जिलों में कितने विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण हो पाते हैं।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *