शाहपुरा में दिलचस्प हुआ, अध्यक्ष का चुनाव। पर्चा खारिज होने से भाजपा रेस से बाहर:

शाहपुरा में दिलचस्प हुआ, अध्यक्ष का चुनाव। पर्चा खारिज होने से भाजपा रेस से बाहर:
Spread the love

त्रिकोणीय मुकाबला टला।


मैदान में डटे कांग्रेस के दो दिग्गज, एक अधिकृत, एक बागी।
18 को नाम वापसी का दिन, एक ने नामांकन हटाया तो निर्विरोध चयन।
वरना 21 को होगा सीधा मुकाबला
शाहपुरा, 17 सितंबर।
नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर शाहपुरा का राजनीतिक पारा अचानक चढ़ गया है। रिटर्निंग अधिकारी बनवारी सिनसिनवार की देखरेख में गुरुवार को नामांकन पत्रों की गहन जांच की गई। कुल 4 नामांकनों की जांच के दौरान तकनीकी खामियों के चलते 2 पर्चे खारिज कर दिए गए, जिससे चुनावी गणित पूरी तरह बदल गया है।
नामांकन रद्द होने की गाज सबसे पहले भाजपा प्रत्याशी ललिता कहार पर गिरी। उनका पर्चा निरस्त होते ही भाजपा अध्यक्ष पद की रेस से बाहर हो गई, जिससे संभावित त्रिकोणीय मुकाबला टल गया। दूसरी ओर, इंडियन नेशनल कांग्रेस के बालमुकुंद तोषनीवाल का पार्टी प्रत्याशी के रूप में दाखिल नामांकन खारिज हो गया, लेकिन निर्दलीय के रूप में जमा उनका दूसरा नामांकन जांच में सही पाया गया। कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार रमेश कुमार सेन का नामांकन सही पाया गया।
18 सितंबर को नामांकन वापसी पर टिकीं निगाहें:- नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब शुक्रवार, 18 सितंबर को नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि तय है। शहर के राजनीतिक गलियारों में इस बात की सबसे अधिक चर्चा है कि क्या कांग्रेस नेतृत्व अपने बागी नेता बालमुकुंद तोषनीवाल को मनाकर नाम वापस कराने में कामयाब होगा? यदि वरिष्ठ नेताओं की समझाइश से तोषनीवाल अपना निर्दलीय नामांकन वापस ले लेते हैं, तो अधिकृत प्रत्याशी रमेश कुमार सेन की राह आसान हो सकती है और भीलवाड़ा की तरह निर्विरोध चुने जा सकते है, लेकिन यदि ऐसा नहीं होता है, तो चुनावी मैदान में कांग्रेस के दो दिग्गज आमने-सामने होंगे।
21 सितंबर को होगा मतदान:-
निर्वाचन विभाग के अनुसार यदि 18 सितंबर को नामांकन वापस नहीं होता है, तो नगर पालिका परिसर में 21 सितंबर को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक मतदान होगा। इसके तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Dev Krishna Raj Parashar - Shahpura

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *