तीर्थराज पुष्कर को मिला एक और गौरव – जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत के अथक प्रयासों से खुला पहला राजकीय आवासीय वेद विद्यालय
तीर्थराज पुष्कर को शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त हुई है। जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत के अथक प्रयासों एवं निरंतर अनुकरणीय प्रयासों के फलस्वरूप पुष्कर में राजस्थान का पहला राजकीय आवासीय वेद विद्यालय प्रारंभ हो गया है। यह गौरवपूर्ण संस्थान न केवल वेदों के अध्ययन का केंद्र बनेगा, बल्कि संस्कार, शारीरिक एवं बौद्धिक विकास का भी सशक्त माध्यम सिद्ध होगा।
वेद विद्यालय में विद्यार्थियों को चारों वेदों (ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद, अथर्ववेद) का गहन अध्ययन प्रशिक्षित आचार्यों द्वारा कराया जाएगा। इसके साथ ही कंप्यूटर, योग, आयुर्वेद, संस्कृत साहित्य, इतिहास, पुराण, महाकाव्य आदि का ज्ञान भी दिया जाएगा। विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य सामग्री, वेशभूषा, ई-लाइब्रेरी, खेल मैदान, छात्रावास, भोजन आदि की उत्तम व्यवस्था रहेगी।
सुरेश सिंह रावत ने इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से निरंतर संपर्क एवं मांग की थी, जिसका सकारात्मक परिणाम यह ऐतिहासिक संस्थान है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट 2024-25 में पुष्कर में आवासीय वेद विद्यालय खोलने की घोषणा की थी, जिसका त्वरित अनुसरण करते हुए मंत्री रावत ने प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक समन्वय स्थापित किया।
विद्यालय के संचालन हेतु खरेखड़ी रोड पर भूमि आवंटित की जा चुकी है। जब तक स्थायी भवन निर्माण पूर्ण नहीं होता, विद्यालय का संचालन राजकीय बांगड़ विद्यालय परिसर से किया जाएगा।
इस शैक्षणिक सत्र से प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और आगामी 15 जुलाई तक इच्छुक विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। प्रधानाचार्य रामकिशन शर्मा एवं अन्य शिक्षकों की नियुक्ति भी हो चुकी है।
इस ऐतिहासिक पहल से पुष्कर न केवल तीर्थों की नगरी के रूप में बल्कि ‘शिक्षा और संस्कृति के नव केंद्र’ के रूप में भी पहचाना जाएगा। यह उपलब्धि क्षेत्र के विकास के प्रति मंत्री सुरेश सिंह रावत की दूरदर्शिता, समर्पण और निरंतर प्रयासों का प्रत्यक्ष प्रमाण है।