सात दिन में सफाई नहीं हुई तो होगी कार्यवाही — मंत्री दिलावर ने दी चेतावनी
ब्यावर | राजस्थान सरकार के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने आज अपने ब्यावर प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत पिपलाज (पंचायत समिति मसूदा) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की गंभीर स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई।
अपने निर्धारित कार्यक्रमों के उपरांत बाबरा गांव से जयपुर लौटते समय मंत्री दिलावर का काफिला अचानक पिपलाज ग्राम पंचायत की ओर मुड़ गया। उन्होंने जिला परिषद के सहायक मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाल मीणा को साथ लेकर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जगह-जगह फैली गंदगी और कचरे के ढेरों को देखकर मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
मंत्री दिलावर ने डॉ. मीणा से पूछा कि गांव को स्वच्छ बनाने में कितना समय लगेगा, जिस पर डॉ. मीणा ने सात दिन के भीतर सम्पूर्ण पंचायत को स्वच्छ बनाने का आश्वासन दिया। इस पर मंत्री ने कहा वे सात दिन बाद पुनः निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने ग्राम पंचायत पिपलाज के ग्राम विकास अधिकारी को भी लापरवाही के लिए चेतावनी देने के निर्देश डॉ. मीणा को दिए। इसके बाद मंत्री का काफिला जयपुर के लिए प्रस्थान कर गया।