शहरों की कायापलट पर खर्च होंगे 19 हजार करोड़ रुपए – बाढ़ राहत, पर्यटन और शहरी सेवाओं का होगा विकास
जयपुर | आवाज़ राजस्थान की | प्रतीक पाराशर
राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार ने प्रदेश के शहरी विकास को नई दिशा देने की योजना पर कार्य आरंभ कर दिया है। शहरी आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के लिए RUIDP (Rajasthan Urban Infrastructure Development Project) के पाँचवें चरण के अंतर्गत प्रदेश के सभी शहरों में व्यापक कार्य किए जाएंगे।
इस परियोजना के माध्यम से पेयजल आपूर्ति, वेस्ट वाटर मैनेजमेंट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, बाढ़ राहत, शहरी परिवहन, विरासत संरक्षण और पर्यटन विकास से जुड़े कार्य किए जाएंगे। राज्य सरकार ने इस बहुव्ययी योजना के लिए कुल 19,149 करोड़ रुपए का बजटीय प्रावधान तैयार किया है।
इसमें से 13,404 करोड़ रुपए का ऋण राज्य सरकार लेगी। इस ऋण में एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) से 10,959 करोड़ रुपए और वर्ल्ड बैंक से 2,445 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त की जाएगी। परियोजना में शेष 5,745 करोड़ रुपए की राशि राज्य सरकार अपने स्वयं के स्रोतों से वहन करेगी।
सरकार का उद्देश्य है कि शहरी जनजीवन को सुविधाजनक और टिकाऊ बनाया जाए। योजनांतर्गत बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों के लिए जल निकासी व राहत व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा, वहीं हेरिटेज संरक्षण और टूरिज्म इंफ्रास्ट्रक्चर को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
यह परियोजना राज्य के शहरी परिदृश्य को न केवल आधुनिक स्वरूप देगी, बल्कि नागरिकों के जीवनस्तर में भी गुणवत्ता लाने का कार्य करेगी। आने वाले वर्षों में यह पहल राज्य को ‘स्मार्ट और सतत विकासशील राजस्थान’ की दिशा में मजबूत कदम साबित होगी।
