साप्ताहिक समीक्षा बैठक सम्पन्न: जनहित योजनाओं एवं विकास कार्यों की गहन समीक्षा, अधिकारियों को संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश

साप्ताहिक समीक्षा बैठक सम्पन्न: जनहित योजनाओं एवं विकास कार्यों की गहन समीक्षा, अधिकारियों को संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश
Spread the love

ब्यावर | आवाज़ राजस्थान की | प्रतीक पाराशर

जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

जिला कलेक्टर ने प्रशासनिक पारदर्शिता और कार्य दक्षता को बढ़ाने हेतु सभी विभागों को शत-प्रतिशत ई-फाइलिंग प्रक्रिया को अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने “राजकाज” और “संपर्क पोर्टल” पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई। पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता ने विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की अद्यतन जानकारी दी, वहीं पीएचईडी और एवीवीएनएल के अधिकारियों ने जल एवं विद्युत आपूर्ति से जुड़ी गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके अलावा अमृत कौर हॉस्पिटल में जन सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं पर भी चर्चा की गई।

नगर परिषद आयुक्त श्री दिव्यांश सिंह ने शहर में स्वच्छता, कचरा निस्तारण, पिंक टॉयलेट प्रोजेक्ट और सुभाष उद्यान के विकास सहित अन्य नगरीय कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। बैठक के दौरान भारत उपवन परियोजना की सराहना करते हुए कलेक्टर श्री मीना ने इसके विस्तृत प्रलेखन (Documentation) के निर्देश दिए।

मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सड़कों पर विद्युत तारों की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था, साफ-सफाई और यातायात नियंत्रण जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। नगर परिषद एवं अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला रसद अधिकारी को ‘गिव-अप योजना’ को और अधिक प्रभावशाली बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि लाभार्थियों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंच सके।

बैठक के समापन पर जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे जनता के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाएं और अपने व्यवहार में उत्तम आचरण बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं जनता के विश्वास और सहयोग पर आधारित हैं, अतः अधिकारियों को जन सेवा के प्रति समर्पित रहना चाहिए।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री मोहनलाल खटनावलिया, उपखंड अधिकारी श्री दिव्यांश सिंह, एसीईओ श्री गोपाललाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *