एमडीएस यूनिवर्सिटी का 38वां स्थापना दिवस: शिक्षा, संस्कृति और हरियाली के संगम में मंत्री सुरेश सिंह रावत की सहभागिता
जल संसाधन मंत्री ने विश्वविद्यालय को बताया राजस्थान का गौरव, “हरित राजस्थान” अभियान के तहत किया पौधारोपण
अजमेर, 1 अगस्त 2025।
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय (MDSU), अजमेर के 38वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की और विश्वविद्यालय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
समारोह में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रख्यात शिक्षाविद हनुमान सिंह की भी उपस्थिति रही।
गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा को बताया प्रेरणास्रोत
अपने संबोधन में मंत्री रावत ने कहा कि एमडीएस विश्वविद्यालय ने शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में जो उपलबधियां हासिल की हैं, वे अजमेर सहित पूरे राजस्थान के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने नवनियुक्त कुलपति प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल को उनके दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
“हरित राजस्थान” को साकार करने की दिशा में वृक्षारोपण
स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें मंत्री श्री रावत, अतिथि गण, प्रशासनिक अधिकारीगण व छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा चलाए जा रहे ‘हरित राजस्थान’ अभियान को मजबूती देने का संकल्प लिया गया।
मंत्री रावत ने कहा,
“जहां ज्ञान का वटवृक्ष हो, वहां हरियाली स्वतः फले-फूलेगी। शिक्षा और प्रकृति दोनों का संरक्षण भावी पीढ़ियों को समृद्ध भविष्य देने का आधार है।”
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विचारगोष्ठियों ने बढ़ाया समारोह का गौरव
इस अवसर पर विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विचारगोष्ठियां, तथा एमडीएसयू की शैक्षणिक उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गईं। समारोह में शिक्षकगण, अधिकारीगण, छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।