मूसलाधार बारिश से राजस्थान बेहाल, सीएम भजनलाल करेंगे हाई लेवल मीटिंग
जयपुर (प्रतीक पाराशर)। राजस्थान में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रदेश के कई बांध ओवरफ्लो हो गए हैं और उनके गेट खोलने पड़े हैं, जिससे कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। नदियां उफान पर हैं, गांवों-कस्बों में पानी घुस गया है और जगह-जगह मकानों के गिरने, सड़कों के टूटने और वाहनों के बह जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं और कई स्थानों पर जनहानि भी हुई है।
प्रभावित जिलों में प्रभारी मंत्री सक्रिय
पिछले तीन दिनों से प्रभारी मंत्री और सचिव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा ले रहे हैं। रविवार देर रात तक सभी मंत्री और अधिकारी जयपुर लौटकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके बाद सोमवार शाम 5:30 बजे मुख्यमंत्री हाई लेवल समीक्षा बैठक करेंगे।
किसानों को मुआवज़ा और राहत
सरकार ने साफ किया है कि फसलों के नुकसान की पूरी भरपाई की जाएगी। प्रभावित परिवारों को राहत और मुआवज़ा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री शर्मा ने आश्वस्त किया है कि “आपदा की इस घड़ी में किसी को भी अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।”
उपमुख्यमंत्री और मंत्री मैदान में
- उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा रविवार को भीलवाड़ा पहुंचे और कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन कर किसानों को राहत दी जाएगी।
- कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह राठौड़ दौसा जिले के प्रभावित इलाकों के दौरे पर रहे। उन्होंने कहा कि बाजरे की फसल पूरी तरह से खराब हो गई है, किसानों को मुआवज़ा मिलेगा।
- प्रभारी मंत्री संजय शर्मा सीकर जिले के कई गांवों में पहुंचे और खेतों में खड़ी फसलों के नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए।