उड़ान स्पेशल चिल्ड्रन स्कूल में दिव्यांग बच्चों ने दीप जलाकर मनाई खुशियों की दीपावली
उड़ान स्पेशल चिल्ड्रन स्कूल में दिव्यांग बच्चों ने दीप जलाकर मनाई खुशियों की दीपावली
नसीराबाद। (अनिल लोहरे) छावनी परिषद नसीराबाद द्वारा संचालित उड़ान स्पेशल चिल्ड्रन स्कूल, हनुमान चौक में सोमवार, 2 नवंबर को दीपावली पर्व हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस दौरान दिव्यांग बच्चों ने रंग-बिरंगी कलात्मक गतिविधियों और पारंपरिक दीपावली उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेकर खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम का आयोजन छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी मोहम्मद साकिब आलम के निर्देशानुसार किया गया। समारोह में बच्चों ने आर्ट एंड क्राफ्ट गतिविधियों के तहत शुभ-लाभ, स्वास्तिक एवं मिट्टी के आकर्षक दीपक तैयार किए तथा दीपावली से संबंधित पोस्टर बनाए। इसके बाद माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर आरती की गई।
इस अवसर पर बच्चों का मुंह मीठा करवाया गया तथा फुलझड़ी, जमीन चकरी, पॉप और अनार जैसे सुरक्षित आतिशबाजी के साधनों के साथ दीपावली का आनंद लिया। बच्चों की खिलखिलाहट और उत्साह से पूरा विद्यालय परिसर दीपावली के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में सेंटर इंचार्ज आकाश जैदिया, विशेष शिक्षक भीमराज सुमन, विशेष शिक्षिका कृष्णा शर्मा एवं डॉ. लक्षिका सनाढ्य सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को त्योहारों की खुशियों से जोड़ने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ने दीपावली समारोह को यादगार बना दिया।