शिक्षकों को तबादला नीति मिलने की उम्मीद, मंत्रीपरिषद बैठक आज
अजमेर। वर्षों से लंबित तबादला नीति को लेकर शिक्षकों को आज होने वाली मंत्रीपरिषद बैठक से बड़ी उम्मीदें हैं। राधाकृष्णन शिक्षक संघ और शिक्षिका सेना ने आशा जताई है कि मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री अपने वचनों के अनुरूप नीति पर फैसला लेंगे। दोनों संगठनों ने कहा है कि सरकार कई बार यह कह चुकी है कि बिना नीति के तबादले नहीं होंगे, और नीति बनाकर ही प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
राधाकृष्णन शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मदनसिंह रावत ने बताया कि संगठन लगातार तबादला नीति की मांग करता रहा है और अब समय आ गया है कि शिक्षकों के हित में ठोस निर्णय लिया जाए।
तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले: कब खत्म होगा इंतजार?
तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले अंतिम बार वर्ष 2018 में भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए थे। कांग्रेस सरकार में पूर्व शिक्षामंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने ऑनलाइन आवेदन मंगवाकर प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन उसे बाद में स्थगित कर दिया गया।
शिक्षामंत्री बी.डी. कल्ला ने भी अपने कार्यकाल में कई बार तबादलों की बात कही, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हो पाया है। वर्तमान में सरकार के स्तर पर तबादला नीति को लेकर मंथन तेज हो गया है, जिससे शिक्षकों में एक बार फिर उम्मीद की किरण जागी है। माना जा रहा है कि कभी भी तबादले खोले जा सकते हैं।