शाहपुरा के चौहान होंगे राज्यस्तर पर सम्मानित

शिक्षक दिवस पर शाहपुरा के शूरवीर सिंह चौहान होंगे राज्यस्तर पर सम्मानित।
8हजार पौधे रोपकर कई विद्यालयों की बदल दी फ़िजा।
बिना कोई आवेदन किये केवल गृह उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर शिक्षा मंत्री करेंगे सम्मानित।
शाहपुरा 4सितंबर 2025। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नई राज्यास के प्राचार्य शूरवीर सिंह चौहान को शिक्षक दिवस पर उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्यस्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। बिना किसी आवेदन के, केवल उनके विशिष्ट योगदान के आधार पर शिक्षा मंत्री द्वारा यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
चौहान की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि हरियालो राजस्थान अभियान के तहत 8,000 पौधों का रोपण है। उन्होंने पीआईओ क्षेत्र के सभी विद्यालयों में सघन पौधारोपण करवाकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया। पौधों की जीवंतता सुनिश्चित करने के लिए ग्रामवासियों के सहयोग से उनकी सुरक्षा और पोषण का प्रबंध किया। जियो-टैगिंग के माध्यम से पौधों की निगरानी और पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने में भी योगदान दिया। अन्य विद्यालयों को भी इस अभियान से जोड़ा।
इसके अतिरिक्त, चौहान ने राष्ट्रीय शिक्षक विज्ञान सम्मेलन (2003-2007) में भोपाल, उज्जैन, मैसूर, देहरादून और नई दिल्ली में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहे। शिक्षा, खेलकूद, जनगणना, पल्स पोलियो जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भी सक्रिय योगदान दिया। मास्टर ट्रेनर के रूप में शिक्षक प्रशिक्षण और शोध कार्यों में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही। चौहान की बहुआयामी उपलब्धियों के लिए उपखंड, जिला और मंडल स्तर पर भी सम्मान मिला।
यह पहला अवसर है जब बिना आवेदन के उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर राज्यस्तरीय सम्मान दिया जा रहा है।