किशनगढ़ से मनरेगा बचाओ संग्राम की शुरुआत, 45 दिनों तक चलेगा जनजागरण अभियान

किशनगढ़ से मनरेगा बचाओ संग्राम की शुरुआत, 45 दिनों तक चलेगा जनजागरण अभियान
Spread the love

मदनगंज-किशनगढ़। ग्रामीण रोजगार और काम के अधिकार की रक्षा के उद्देश्य से मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान का शुभारंभ शनिवार को किशनगढ़ से किया गया। ब्लॉक कांग्रेस किशनगढ़ की ओर से लिंक रोड स्थित कुमकुम होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पदाधिकारियों ने आंदोलन की भावी रणनीति साझा की और आगामी 45 दिनों तक गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाने की घोषणा की।

जिला कांग्रेस देहात अध्यक्ष एवं किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी ने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों के सम्मान और आत्मनिर्भरता की गारंटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार बजट में कटौती कर, नियमों को जटिल बनाकर और भुगतान प्रक्रिया में देरी कर योजना की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस इस जनविरोधी नीति के खिलाफ गांव-ढाणी तक जनजागरण करेगी।

पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि देश की बड़ी आबादी आज भी गांवों में निर्भर है और मनरेगा उनके लिए जीवनरेखा रही है। उन्होंने चेताया कि योजना के कानून में बदलाव कर इसे धीरे-धीरे समाप्त करने की कोशिश की जा रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी।

जिला प्रभारी चेतन डूडी ने कहा कि मनरेगा काम के अधिकार, सामाजिक न्याय और गरिमामय जीवन का आधार है। यदि मजदूरों की बकाया मजदूरी का भुगतान शीघ्र नहीं हुआ और पर्याप्त बजट जारी नहीं किया गया, तो यह आंदोलन राज्यव्यापी जनसंघर्ष का रूप लेगा।

गांव-गांव तक पहुंचेगा अभियान

पत्रकार वार्ता में बताया गया कि अभियान के तहत प्रत्येक ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर पर सभाएं, पदयात्राएं और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि आमजन को मनरेगा से जुड़े वास्तविक मुद्दों की जानकारी दी जा सके।

बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता रहे मौजूद

इस अवसर पर डेयरी संघ अध्यक्ष रामचंद चौधरी, पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया, आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन धर्मेंद्र सिंह राठौड़, नसीराबाद से शिवप्रकाश गुर्जर, नेता प्रतिपक्ष हमीदा बानो, वरिष्ठ नेता इंसाफ अली, अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष रामनिवास किराडिया, ब्लॉक अध्यक्ष मोहित खंडेलवाल, बार एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश जाट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *