मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत नसीराबाद में जिला स्तरीय उपवास आज
नसीराबाद (Anil Lohare )।
मनरेगा योजना से जुड़े मुद्दों को लेकर रविवार को नसीराबाद में जिला स्तरीय उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन अजमेर जिला देहात कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में किया जा रहा है। उपवास कार्यक्रम नसीराबाद स्थित शहीद स्मारक पर प्रातः 10 बजे प्रारंभ होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास चौधरी करेंगे। आयोजन में पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा, पूर्व शिक्षा मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर, पीसीसी महासचिव एवं पूर्व विधायक महेंद्र सिंह गुर्जर, कांग्रेस प्रत्याशी शिवप्रकाश गुर्जर सहित जिले के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।
नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन ने बताया कि उपवास कार्यक्रम के माध्यम से मनरेगा योजना से संबंधित नीतिगत मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के प्रति विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य रोजगार गारंटी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग को प्रमुखता से उठाना है।
प्रशासनिक व्यवस्था के अनुसार कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।