मोदी कैबिनेट के अहम फैसले: केरल का नाम ‘केरलम’ करने को मंजूरी, विकास परियोजनाओं पर ₹12,236 करोड़ स्वीकृत
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में केरल राज्य का नाम बदलकर ‘केरलम’ किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई। इसके साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए कुल ₹12,236 करोड़ की स्वीकृति दी गई, जिससे बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
कैबिनेट ने गोंदिया–जबलपुर रेल लाइन के दोहरीकरण को हरी झंडी दी, जिससे रेल यातायात सुगम होगा और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। इसके अतिरिक्त श्रीनगर में नए इंटीग्रेटेड एयरपोर्ट टर्मिनल के निर्माण को मंजूरी दी गई है। अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2बी के विस्तार प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे शहरी परिवहन व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।
ऊर्जा क्षेत्र में संरचनात्मक सुधारों के तहत नए पावर सेक्टर रिफॉर्म्स को मंजूरी दी गई है। वहीं, किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कच्चे जूट के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय किया गया। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में सेवा तीर्थ में आयोजित यह पहली कैबिनेट बैठक रही, जिसमें विकास और प्रशासनिक सुधारों पर विशेष फोकस रखा गया।