पंचायत चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में, 15 अप्रैल तक मतदान के निर्देश
जयपुर। प्रदेश में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। न्यायालय के निर्देशानुसार 15 अप्रैल तक पंचायत चुनाव संपन्न कराने की समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रक्रिया तेज कर दी है। बुधवार को पंचायत चुनाव के लिए फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जा रहा है, जिसके आधार पर यह तय होगा कि प्रदेश में कितने मतदाता सरपंच और पंच के चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं को भी सूची में शामिल किया गया है। इससे ग्रामीण लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी। उल्लेखनीय है कि मतदाता सूची का प्रारूप 29 जनवरी को जारी किया गया था, जिसके बाद दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके पश्चात 25 फरवरी को अंतिम सूची का प्रकाशन किया जा रहा है।
सूची के अंतिम रूप लेते ही निर्वाचन आयोग किसी भी समय चुनाव कार्यक्रम घोषित कर सकता है। सूत्रों के अनुसार मार्च के दूसरे सप्ताह में आदर्श आचार संहिता लागू होने की संभावना है। वहीं, पंचायत चुनावों में ओबीसी आरक्षण को लेकर गठित राज्य प्रतिनिधित्व ओबीसी आयोग की रिपोर्ट अब तक लंबित है, जिस पर आगे की प्रक्रिया आयोग की रिपोर्ट आने के बाद तय की जाएगी।