छावनी परिषद नसीराबाद में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन का निरीक्षण सम्पन्न
नसीराबाद अनिल लोहरे। छावनी परिषद नसीराबाद में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरीक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह निरीक्षण नवीन शर्मा, सहायक निदेशक (राजभाषा), महा निदेशालय रक्षा संपदा, रक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा किया गया। इस अवसर पर छावनी परिषद नसीराबाद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद साकिब आलम भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान दोनों छावनी परिषद कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग की स्थिति, शासकीय पत्राचार, फाइल कार्य एवं अन्य प्रशासनिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। सहायक निदेशक ने राजभाषा अधिनियम एवं केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हिंदी के अधिकाधिक उपयोग पर जोर देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस दौरान छावनी परिषद अजमेर एवं नसीराबाद में संचालित राजभाषा संबंधी कार्यों की सराहना की गई। मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद साकिब आलम ने भी राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति परिषद की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि भविष्य में शासकीय कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। निरीक्षण कार्यक्रम से दोनों परिषदों में राजभाषा के प्रति जागरूकता और कार्यकुशलता को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई।