शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बोर्ड कार्यालय से जारी किए माध्यमिक, प्रवेशिका सहित कक्षा 8 वीं एवं 5 वीं के परीक्षा परिणाम

शिक्षा मंत्री  मदन दिलावर ने बोर्ड कार्यालय से जारी किए माध्यमिक, प्रवेशिका सहित कक्षा 8 वीं एवं 5 वीं के परीक्षा परिणाम
Spread the love

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बोर्ड कार्यालय से जारी किए माध्यमिक, प्रवेशिका सहित कक्षा 8 वीं एवं 5 वीं के परीक्षा परिणाम

अजमेर, 24 मार्च। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2026 की माध्यमिक, माध्यमिक व्यावसायिक एवं प्रवेशिका परीक्षाओं के साथ प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन कक्षा-5 एवं प्रारम्भिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण-पत्र कक्षा-8 परीक्षाओं के परिणाम शिक्षा मंत्री मदन दिलावर द्वारा मंगलवार को बोर्ड कार्यालय से औपचारिक रूप से जारी किए गए।

 परिणाम जारी करते हुए शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर ने कहा कि  माध्यमिक एवं माध्यमिक व्यावसायिक परीक्षा 2026 में कुल 10 लाख 66 हजार 561 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। इनमें से 10 लाख 49 हजार 68 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इस परीक्षा का कुल परिणाम 94.23 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 93.63 तथा छात्राओं का 94.90 प्रतिशत दर्ज किया गया। छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा। परीक्षा में 5 लाख 51 हजार 534 छात्रों में से 2 लाख 72 हजार 252 छात्र तथा 4 लाख 97 हजार 534 छात्राओं में से एक लाख 99 हजार 661 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं।

   इसी प्रकार प्रवेशिका परीक्षा 2026 में कुल 7 हजार 764 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। इनमें से 7 हजार 570 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इस परीक्षा का कुल परिणाम 87.11 प्रतिशत रहा। छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 85.74 तथा छात्राओं का 88.33 प्रतिशत रहा। प्रथम श्रेणी में 3 हजार 577 छात्रों में से 499 छात्र तथा 3 हजार 993 छात्राओं में से 960 छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं।

  उन्होंने बताया कि प्रारम्भिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण-पत्र (कक्षा-8) परीक्षा 2026 का आयोजन 19 फरवरी से 4 मार्च 2026 तक 10,056 परीक्षा केन्द्रों पर किया गया। इस परीक्षा में कुल 12 लाख 86 हजार 220 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। इनमें से 12 लाख 45 हजार 735 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। कुल परीक्षा परिणाम 97.01 प्रतिशत रहा, जो गत वर्ष की तुलना में लगभग 0.35 प्रतिशत अधिक है। कक्षा-8 में छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 96.52 तथा छात्राओं का 97.57 प्रतिशत रहा, जिससे छात्राओं का प्रदर्शन 1.05 प्रतिशत अधिक रहा। इस परीक्षा में 2,209 परीक्षार्थियों का परिणाम रोका गया है, जिसे नियमानुसार बाद में जारी किया जाएगा, जबकि 38 हजार 276 परीक्षार्थी पूरक श्रेणी में वर्गीकृत किए गए हैं।

  प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन (कक्षा-5) परीक्षा 2026 का आयोजन 20 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक राज्य के 18 हजार 621 परीक्षा केन्द्रों पर किया गया। इसमें कुल 13 लाख 68 हजार 947 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। इनमें से 13 लाख 33 हजार 936 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए तथा कुल परीक्षा परिणाम 97.75 प्रतिशत रहा, जो गत वर्ष की तुलना में लगभग  0.28 प्रतिशत अधिक है। कक्षा-5 में छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 97.59 तथा छात्राओं का 97.94 प्रतिशत रहा, जिससे छात्राओं का प्रदर्शन 0.35 प्रतिशत बेहतर रहा। कुल 4 हजार 371 परीक्षार्थियों का परिणाम विभिन्न कारणों से रोका गया है। इसे प्रक्रिया पूर्ण होने पर पृथक से जारी किया जाएगा। वहीं 30 हजार 640 परीक्षार्थी पूरक श्रेणी में वर्गीकृत किए गए हैं, जिनकी पूरक परीक्षा जुलाई 2026 में आयोजित होगी।

     मंत्री श्री दिलावर ने बताया कि कक्षा-5 एवं कक्षा-8 परीक्षाओं में पारंपरिक अंकों के स्थान पर ग्रेडिंग प्रणाली लागू की गई है। इसके अंतर्गत परीक्षार्थियों को विषयवार प्रदर्शन के आधार पर ए, बी, सी , डी एवं ई ग्रेड प्रदान किए जाते हैं।

कक्षा-5 एवं कक्षा-8 परीक्षाओं के परिणाम में ग्रेड आधारित मूल्यांकन प्रणाली अपनाई गई है। कक्षा-5 में 81 से 100 अंक प्राप्त करने वाले 4 लाख 89 हजार 535 परीक्षार्थियों (35.87 प्रतिशत) को ए ग्रेड, 61 से 80 अंक प्राप्त करने वाले 7 लाख 45 हजार 152 (54.60 प्रतिशत ) को बी ग्रेड, 41 से 60 अंक प्राप्त करने वाले 99 हजार 129 (7.28 प्रतिशत ) को सी ग्रेड, 33 से 40 अंक प्राप्त करने वाले 120 (0.01 प्रतिशत ) को डी ग्रेड तथा 0 से 32 अंक प्राप्त करने वाले 30 हजार 640 (2.24 प्रतिशत ) परीक्षार्थियों को ई ग्रेड प्रदान किया गया है।

  इसी प्रकार कक्षा-8 में 81 से 100 अंक प्राप्त करने वाले 2 लाख 62 हजार 26 परीक्षार्थियों (20.41प्रतिशत) को ए ग्रेड, 61 से 80 अंक प्राप्त करने वाले 7 लाख 6 हजार 775 (55.04प्रतिशत) को बी ग्रेड, 41 से 60 अंक प्राप्त करने वाले 2 लाख 75 हजार 507 (21.46 प्रतिशत) को सी ग्रेड, 33 से 40 अंक प्राप्त करने वाले 1427 (0.11 प्रतिशत) को डी ग्रेड तथा 0 से 32 अंक प्राप्त करने वाले 38 हजार 276 (2.98 प्रतिशत) परीक्षार्थियों को ई ग्रेड प्रदान किया गया है।

  शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर ने सभी सफल परीक्षार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा बेहतर परिणाम के लिए शिक्षकों, अभिभावकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के समन्वित प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर संभागीय आयुक्त एवं बोर्ड प्रशासक  शक्ति सिंह राठौड़, बोर्ड सचिव  गजेन्द्र सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com