राजस्थान में तबादलों से हट सकता है बैन, कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला संभव

राजस्थान में तबादलों से हट सकता है बैन, कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला संभव
Spread the love

जयपुर-प्रतीक पाराशर राजस्थान में सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट और मंत्रिपरिषद की बैठक में तबादलों पर लगे बैन को हटाने पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार कई भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री के सामने तबादलों पर लगी रोक हटाने की मांग रखी है। साथ ही विधायकों ने इसे राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी जरूरी बताया है। ऐसे में सरकार जल्द ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू करने के संकेत दे सकती है।

डेढ़ साल बाद खुल सकता है ट्रांसफर का रास्ता

करीब डेढ़ साल से सरकारी विभागों में तबादलों पर रोक लगी हुई है। इससे हजारों कर्मचारी और अधिकारी लंबे समय से ट्रांसफर सूची का इंतजार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि सरकार की मंजूरी के बाद प्रशासनिक सुधार विभाग इस संबंध में आधिकारिक सर्कुलर जारी कर सकता है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार शिक्षा, चिकित्सा, राजस्व, पुलिस और यूडीएच समेत कई बड़े विभागों में व्यापक स्तर पर फेरबदल हो सकता है।

पेट्रोल-डीजल बचत को लेकर भी हो सकते हैं बड़े फैसले

कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के अनुरूप पेट्रोल-डीजल बचत को लेकर भी अहम फैसले होने की संभावना है। हाल ही में मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने अपने काफिलों में वाहनों की संख्या कम की थी। अब सरकारी विभागों में भी ईंधन बचत और गैर जरूरी खर्च कम करने को लेकर नई गाइडलाइन जारी हो सकती है।

सूत्रों के मुताबिक सरकार वर्चुअल बैठकों को बढ़ावा देने, सरकारी कर्मचारियों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने और सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” लागू करने जैसे प्रस्तावों पर विचार कर सकती है।

यूपी मॉडल पर फैसलों की चर्चा

राजस्थान सरकार उत्तर प्रदेश की तर्ज पर कई फैसले लागू कर सकती है। यूपी सरकार पहले ही सरकारी बैठकों का बड़ा हिस्सा वर्चुअल कर चुकी है और मंत्रियों-अधिकारियों को इलेक्ट्रिक वाहन, साइकिल और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के उपयोग के निर्देश दे चुकी है।

ऐसे में माना जा रहा है कि राजस्थान में भी ईंधन बचत और सरकारी खर्चों में कटौती को लेकर बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकता है। अब सभी की नजर शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट बैठक पर टिकी हुई है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *