मातृ शक्ति की एकता से देश का विकास संभव – सरिता गेैनाजिला स्तर पर नारी चौपाल कार्यक्रम आयोजित
अजमेर | महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को सूचना केन्द्र सभागार में नारी चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आई लगभग 321 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गैना ने की। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिला कल्याण, सुरक्षा, आत्मरक्षा एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं की जानकारी प्रत्येक महिला तक पहुंचाने के लिए परिवार एवं समाज स्तर पर जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिलाएं एक-दूसरे को योजनाओं की जानकारी देकर न केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकती हैं, बल्कि देश के विकास में अपनी भूमिका को भी सशक्त बना सकती हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं में नेतृत्व क्षमता का उल्लेखनीय विकास हुआ है और मातृशक्ति की एकजुटता से ही समाज एवं राष्ट्र के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना, राजीविका के तहत संचालित लखपति दीदी स्वयं सहायता समूह योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
अतिरिक्त जिला कलक्टर वन्दना खोरवाल ने कहा कि महिलाओं में स्वरोजगार की भावना का विकास होना अत्यंत आवश्यक है। इससे वे आत्मनिर्भर बनकर परिवार, समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित राजीविका, समेकित बाल विकास सेवाओं तथा अन्य मानदेय कर्मियों से संवाद स्थापित कर योजनाओं के लाभ एवं उनके प्रभाव की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान लाडो प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रथम किश्त के रूप में पांच बालिकाओं को 2,500-2,500 रुपये के चेक वितरित किए गए। लाभान्वित बालिकाओं में कनक, चितरांचल, याश्किा, गंगा तथा अविका शामिल रहीं।
महिला अधिकारिता विभाग की उप निदेशक मेघा रतन ने विभाग द्वारा महिला सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं संस्थागत व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर सखी केन्द्र, महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र तथा पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र की गतिविधियों एवं पीड़ित महिलाओं को प्रदान की जाने वाली सहायता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से इन केन्द्रों एवं योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना तथा आगामी शिक्षा सेतु योजना की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक बालिकाओं को इन योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिक्षा, राजीविका, कृषि, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा जलदाय विभाग के अधिकारियों ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की। साथ ही प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर राजीविका की लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, कृषि दीदी, सोलर सखी, बैंक सखी, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, साथिन, सहायिका एवं आशा सहयोगिनियों सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक राजीविका मुकेश जैमन, जलदाय विभाग की अधिशाषी अभियंता कैलाश मील, कृषि विभाग की संयुक्त निदेशक उषा चितारा, सहायक निदेशक अनुप्रिया यादव, चन्द्रवरदाई सीएचसी की डॉ. कल्पना दीक्षित, शिक्षा विभाग की सहायक निदेशक राजश्री शर्मा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ममता सागर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भगवानपुरा की प्रधानाचार्य वर्तिका शर्मा ने किया।