मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जिलेभर में हुए धार्मिक आयोजन
ब्यावर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को ब्यावर जिले में विभिन्न स्थानों पर धार्मिक एवं प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण तथा समय पर अच्छी वर्षा की कामना की गई।
जिला स्तरीय कार्यक्रम मसूदा स्थित आशापुरा माता मंदिर में आयोजित हुआ। इस अवसर पर विधायक शंकरसिंह रावत, जिला कलक्टर कमलराम मीणा, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, पूर्व सभापति नरेश कनोजिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोपाललाल मीणा सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और हवन में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शंकरसिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा है। वहीं जिला कलक्टर कमलराम मीणा ने अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इसी क्रम में मसूदा उपखंड स्तरीय वर्षा प्रार्थना कार्यक्रम अखाड़े वाले बालाजी मंदिर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत के मुख्य आतिथ्य में पूजा एवं हवन कर प्रदेश में समय पर पर्याप्त वर्षा, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की गई। उपखंड अधिकारी दीपशिखा ने बताया कि वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
कार्यक्रम में विकास अधिकारी संदेश पाराशर, तहसीलदार रामप्रसाद चौधरी, नगर पालिका के मुख्य अधिशासी अधिकारी अक्षय राजपुरोहित, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह तथा योगेंद्र सिंह राठौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा ब्यावर शहर में भी विभिन्न स्थानों पर धार्मिक आयोजन हुए। उपखंड स्तरीय कार्यक्रम सुभाष उद्यान में आयोजित किया गया, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा तेजा चौक स्थित गोविंददेव मंदिर में हवन एवं महाआरती कर प्रधानमंत्री की दीर्घायु तथा देश की समृद्धि की कामना की गई।
जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।