पत्रकार गोपाल लाल माली से मारपीट मामले में निष्पक्ष जांच की मांग, माली सेना महासभा ने पुलिस महानिरीक्षक को सौंपा ज्ञापन
पत्रकार गोपाल लाल माली से मारपीट मामले में निष्पक्ष जांच की मांग, माली सेना महासभा ने पुलिस महानिरीक्षक को सौंपा ज्ञापन
अजमेर। राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा, अजमेर ने प्रदेश महामंत्री एवं वरिष्ठ समाजसेवी गोपाल लाल माली (पत्रकार) के साथ हुई मारपीट के मामले में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पुलिस महानिरीक्षक, अजमेर रेंज को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि 25 जून 2026 को हुई मारपीट की घटना के बावजूद अब तक आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं होने से समाज में गहरा रोष व्याप्त है। महासभा का कहना है कि घटना के महत्वपूर्ण साक्ष्य एवं सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं रही है।
महासभा ने यह भी आरोप लगाया कि पीड़ित पक्ष के परिजनों पर दर्ज कथित झूठे मुकदमों की भी निष्पक्ष जांच कर उन्हें निरस्त किया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 29 जून 2026 को भीलवाड़ा में आयोजित महापड़ाव में जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, सीकर, दौसा, नागौर, बूंदी, सिरोही, ब्यावर, कोटा, प्रतापगढ़ सहित प्रदेशभर से हजारों समाजबंधुओं ने इस मामले में न्याय की मांग की थी।
महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।