आर्मी पब्लिक स्कूल में नन्हे हाथों ने बोए हरियाली के बीजविद्यार्थियों ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश
नसीराबाद-अनिल लोहरे। सैन्य क्षेत्र स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल, नसीराबाद में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न प्रकार के पौधे लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। नन्हे हाथों से लगाए गए पौधे न केवल हरियाली का संदेश दे रहे थे, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक समाज की नींव भी मजबूत कर रहे थे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या दलीप कंवर ने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर इस प्रकार के रचनात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।
वहीं विद्यालय के चैयरमेन ब्रिगेडियर के. रविचंद्रन ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि आर्मी पब्लिक स्कूल, नसीराबाद शिक्षा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पर्यावरण अभियान विद्यार्थियों में प्रकृति प्रेम, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।