छावनी परिषद सीईओ मोहम्मद साकिब आलम का सदर बाजार का औचक निरीक्षण, व्यापारियों व आमजन को दी सख्त निर्देश
नसीराबाद। छावनी परिषद नसीराबाद द्वारा मुख्य बाजार क्षेत्र में आज सख्ती के साथ औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह निरीक्षण मुख्य अधिशासी अधिकारी श्री मो. साकिब आलम के निर्देशन में परिषद की टीम द्वारा किया गया, जिसमें बाजार क्षेत्र में फैले अतिक्रमणों पर विशेष ध्यान दिया गया।निरीक्षण के दौरान सड़क एवं फुटपाथ पर लगाए गए सब्जी ठेले, दुकानों के बाहर फैला सामान तथा अन्य अवरोधों को चिन्हित किया गया। मौके पर ही संबंधित दुकानदारों एवं ठेला संचालकों को अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए तथा भविष्य में पुनः अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।परिषद ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क एवं फुटपाथ आमजन के उपयोग के लिए हैं, जिन पर किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि या अवैध कब्जा पूर्णतः प्रतिबंधित है। अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों, विशेषकर पैदल चलने वालों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ता है और यातायात व्यवस्था भी बाधित होती है।इस दौरान व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की गई कि वे बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें और नियमों का पालन सुनिश्चित करें। परिषद ने यह भी कहा कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।साथ ही चेतावनी दी गई कि निरीक्षण या अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार, विरोध, धमकी या शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं अन्य लागू प्रावधानों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।छावनी परिषद नसीराबाद ने दोहराया कि यह अभियान जनहित में निरंतर जारी रहेगा और नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।