अजमेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चैन स्नेचिंग गिरोह का शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूटी गई आधी चेन बरामद
अजमेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चैन स्नेचिंग गिरोह का शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूटी गई आधी चेन बरामद
अजमेर। अजमेर जिला पुलिस की स्पेशल टीम एवं थाना कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शहर में चैन स्नेचिंग की वारदातों का खुलासा कर एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की आधी चेन भी बरामद कर ली है। आरोपी पर ₹5,000 का इनाम घोषित था। मामले में वारदात में शामिल एक अन्य साथी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस अधीक्षक अभयपाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जागिड़ एवं पुलिस उपाधीक्षक (शहर) के सुपरविजन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सुबीर उर्फ सुबील उर्फ मुनील (निवासी शिव नगर कच्ची बस्ती, अजमेर) को गिरफ्तार किया।
महिला से छीनी थी सोने की चेन
पुलिस के अनुसार 25 जून 2026 को सिविल लाइन क्षेत्र निवासी एक महिला अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी करीब 27 ग्राम वजनी सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। पीड़िता की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
आधी चेन बरामद, पूछताछ जारी
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में छीनी गई आधी सोने की चेन बरामद कर ली। पुलिस का कहना है कि आरोपी से अजमेर शहर सहित अन्य क्षेत्रों में हुई चैन स्नेचिंग और चोरी की वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर घूमकर अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था। मौका मिलते ही सोने की चेन झपटकर फरार हो जाता था। आरोपी से अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।