विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने वार्ड 16 में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का किया शुभारंभ

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने वार्ड 16 में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का किया शुभारंभ
Spread the love

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने वार्ड 16 में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का किया शुभारंभ

अजमेर के चहुंमुखी विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध- देवनानी

अजमेर, 28 जुलाई। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने वार्ड संख्या 16 स्थित वाल्मीकि कॉलोनी में बनने वाले सामुदायिक भवन के निर्माण व जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस परियोजना के तहत भूतल (ग्राउण्ड फ्लोर) पर रिनोवेशन तथा प्रथम तल (फर्स्ट फ्लोर) पर नया निर्माण कार्य कराया जाएगा।

समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि इस सामुदायिक भवन के निर्माण से वाल्मीकि समाज तथा क्षेत्र के गरीब व मध्यम वर्ग के परिवारों को विवाह, सामाजिक समारोह एवं अन्य सामूहिक आयोजनों के लिए एक सुरक्षित व सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को दीपावली से पूर्व पूर्ण कर आमजन को समर्पित किया जाए।

इस अवसर पर देवनानी ने कहा कि अजमेर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में सभी की सहभागिता अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 16 में अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं।

अजमेर शहर के कायाकल्प, पर्यटन और सौंदर्यकरण की भावी योजनाओं का खाका साझा करते हुए श्री देवनानी ने बताया कि अजमेर के मुख्य एंट्रेंस पर विशेष आकर्षक लाइटिंग की जाएगी तथा अंबेडकर सर्किल से आगे 8 करोड़ रुपये की लागत से फव्वारे लगाकर सौंदर्यकरण किया जाएगा। वरुणसागर झील एवं चौरसियावास तालाब के सौंदर्यीकरण और पुनरुद्धार के लिए करोड़ों रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है। बोराज तालाब की पाल का निर्माण कराया जा रहा है।

शिक्षा, रोजगार और आधारभूत ढांचे पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि पंचशील में अत्याधुनिक साइंस पार्क विकसित किया जा रहा है। विद्यार्थियों व बेटियों के लिए निःशुल्क व आधुनिक सुविधाओं से युक्त चार मंजिला लाइब्रेरी का निर्माण जारी है।

हाथीखेड़ा में बच्चियों के लिए 20 करोड़ रुपये की लागत से सैनिक स्कूल तथा युवाओं के रोजगार हेतु आईटी पार्क स्थापित किया जा रहा है, जिसमें 3 प्रमुख कंपनियों को प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। माकड़वाली रोड पर हजारों दर्शकों की क्षमता वाला खेल स्टेडियम भी आकार ले रहा है।

कार्यक्रम में भारती श्रीवास्तव ने सामुदायिक भवन की सौगात के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व में स्थान छोटा होने से सामाजिक कार्यक्रमों में आ रही परेशानी से अब क्षेत्रवासियों को स्थायी मुक्ति मिलेगी।

इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष संदीप गोयल, चांद भाई हाड़ा, रवि डागोरिया, चेतन डागोरिया, विजय काकाणी, कमलेश शर्मा, हरि साहनी, बालेश गोयल, बनवारी गहलोत, रीता सांवरिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नगर निगम से अधिशासी अभियंता रमेश कुमार बाजदोलिया, सहायक अभियंता लक्षी शर्मा तथा कनिष्ठ अभियंता पंकज जलुथरिया भी मौके पर मौजूद रहे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *