हर ग्राम पंचायत के लिए बनेगी विकास योजना: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

हर ग्राम पंचायत के लिए बनेगी विकास योजना: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Spread the love

बयाना। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को बयाना के भरतपुर रोड स्थित हरनगर मोड़ के समीप आयोजित जनसभा में भरतपुर संभाग के लिए करीब 993 करोड़ रुपए की लागत के 249 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने बयाना क्षेत्र में सड़क, पुलिया, स्टेडियम सहित ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले तीन वर्षों में राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में 50 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए अलग से विकास योजना तैयार की जाएगी, ताकि स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा सके।

हर ग्राम पंचायत में बनेंगे अटल नॉलेज सेंटर

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और सेवाओं को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने बताया कि चरणबद्ध तरीके से हर ग्राम पंचायत में अटल नॉलेज सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और ज्ञान से जुड़ी सुविधाओं को बढ़ावा देने की योजना है।

2027 तक बिजली व्यवस्था में सुधार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2027 तक किसानों को दिन के समय बिजली, उद्योगों को पर्याप्त बिजली और आम उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराना है। उन्होंने सरकार की ओर से अब तक 1 लाख 89 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाने की बात भी कही।

जल समझौतों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने राजस्थान से जुड़े विभिन्न जल समझौतों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में पानी से जुड़े 10 बड़े समझौतों में से चार का संबंध राजस्थान से है। इनमें ईआरसीपी को लेकर मध्यप्रदेश के साथ समझौता, हरियाणा के साथ यमुना जल समझौता, नर्मदा से संबंधित समझौता तथा कई राज्यों के बीच हुआ जल समझौता शामिल है।

‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ का जिक्र

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ की अवधारणा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से समय और संसाधनों पर असर पड़ता है तथा विकास कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने विधानसभा में वन स्टेट-वन इलेक्शन की बात रखी थी और अब निकाय चुनाव भी संपन्न हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के बीच रहकर काम करने से ही लोगों का विश्वास हासिल किया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने सरकार की आगामी योजनाओं और ग्रामीण विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी दी।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *