पंचायत चुनाव 2026: इसी सप्ताह हो सकता है ऐलान, चार चरणों में मतदान की तैयारी

पंचायत चुनाव 2026: इसी सप्ताह हो सकता है ऐलान, चार चरणों में मतदान की तैयारी
Spread the love

जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत राज विभाग से प्राप्त वार्ड आरक्षण से संबंधित जानकारी का परीक्षण शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव कार्यक्रम की घोषणा इसी सप्ताह हो सकती है। आयोग की तैयारियों के अनुसार प्रदेश में पंचायत चुनाव चार चरणों में कराए जाने की संभावना है।

इस चुनाव में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर पर बड़ी संख्या में पदों के लिए मतदान होगा। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 1,30,589 पंचायती वार्ड सदस्यों और 14,403 सरपंचों का चुनाव होना है। वहीं 1,403 जिला परिषद सदस्य 41 जिला प्रमुखों का चुनाव करेंगे।

8,245 पंचायत समिति सदस्य और 457 प्रधान चुने जाएंगे

पंचायत समिति स्तर पर 8,245 वार्ड सदस्यों के चुनाव होंगे। ये सदस्य मिलकर 457 पंचायत समितियों के प्रधानों का चुनाव करेंगे। जिला परिषद स्तर पर 1,403 सदस्य चुने जाएंगे, जो आगे जिला प्रमुख का चुनाव करेंगे।

ईवीएम और मतपत्र दोनों का होगा इस्तेमाल

चुनाव प्रक्रिया में अलग-अलग स्तर पर मतदान के लिए अलग व्यवस्था की तैयारी है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि ग्राम पंचायत के पंच और सरपंच पदों के लिए मतपत्र के जरिए मतदान कराया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ चर्चा कर चुनाव संबंधी तैयारियों को पहले ही गति दे दी थी। अब वार्ड आरक्षण सहित अन्य प्रक्रियाओं के परीक्षण के बाद चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिए जाने की तैयारी है।

महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण

पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था है। इसके चलते पंचायतों में महिला जनप्रतिनिधियों की भागीदारी 50 प्रतिशत से अधिक रहने की संभावना है।

पंचायत चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा के बाद मतदान की तारीख, नामांकन प्रक्रिया और चरणवार चुनाव कार्यक्रम की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *