अजमेर देहात में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने ली संभाग स्तरीय बैठक, मंडल अध्यक्षों के जरिए मांगे आवेदन
अजमेर। पंचायत राज चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा में टिकट के संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। बुधवार को भूणाबाय स्थित अजमेर देहात जिला कार्यालय में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, प्रधान और सरपंच पदों के संभावित दावेदारों सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने संगठन की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और प्रत्याशी चयन को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत राज चुनाव में संगठन के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि टिकट चयन में जिताऊ क्षमता के साथ संगठन के प्रति निरंतर सक्रिय रहने वाले कार्यकर्ताओं को भी महत्व दिया जाएगा।
मंडल अध्यक्षों के जरिए मांगे आवेदन
राठौड़ ने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों पर चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं से अपने संबंधित मंडल अध्यक्ष के माध्यम से आवेदन करने को कहा। प्राप्त आवेदनों के साथ संगठन में सक्रियता, जनसंपर्क, क्षेत्र में स्वीकार्यता और चुनावी क्षमता सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अजमेर जिले में पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जिले की 10 पंचायत समितियों के प्रधान पदों और 33 जिला परिषद सदस्य पदों के लिए आरक्षण तय किया जा चुका है। इसके बाद आरक्षित पदों के अनुरूप चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं।
बूथ स्तर तक तैयारी पर जोर
बैठक में प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का आह्वान किया। उन्होंने आपसी समन्वय के साथ पंचायत चुनाव की तैयारियां आगे बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में संगठनात्मक तैयारियों, संभावित प्रत्याशियों और चुनाव में कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता अजमेर देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत ने की। उन्होंने जिले में संगठन की गतिविधियों और पंचायत चुनाव की तैयारियों की जानकारी दी।
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, मसूदा विधायक वीरेंद्र कानावत सहित जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह और एडवोकेट प्रकाश रावत ने बताया कि मंडल अध्यक्षों के माध्यम से आवेदन लेने के बाद संगठनात्मक सक्रियता सहित विभिन्न आधारों पर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।