किसान मोर्चा बैठक में भागीरथ चौधरी ने कार्यकर्ताओं से किया कृषि हितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन का आह्वान

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी के नेतृत्व में भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का हल भेंट कर किया स्वागत
जयपुर/अजमेर | केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री एवं भाजपा किसान मोर्चा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष भागीरथ चौधरी रविवार को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा आयोजित प्रदेश कार्यसमिति बैठक में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
बैठक के दौरान प्रदेश किसान मोर्चा ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का हल भेंट कर अभिनंदन किया। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने भी राठौड़ को पुनः प्रदेशाध्यक्ष बनने पर बधाई दी और आगामी चुनावों में संगठन को मजबूत करने के लिए किसान मोर्चा की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मोर्चा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। बैठक में कृषि और किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
किसान कल्याण योजनाओं का प्रचार प्रसार करें : अपने संबोधन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसानों के हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों में संगठन को और सशक्त बनाने का आह्वान किया। भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने, कृषि में आधुनिक तकनीक के उपयोग और जल संकट से निपटने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों से गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने और किसानों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने का आग्रह किया।