VDO के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: विकास कार्यों की अनदेखी पर जताया विरोध, पंचायत भवन पर जड़ा ताला

VDO के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: विकास कार्यों की अनदेखी पर जताया विरोध, पंचायत भवन पर जड़ा ताला
Spread the love

भीलवाड़ा (मंगरोप क्षेत्र)।
ग्राम विकास अधिकारी (VDO) की कार्यशैली से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को बिलिया कला ग्राम पंचायत में जोरदार प्रदर्शन किया। विकास कार्यों की अनदेखी और व्यवहार में बदसलूकी के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने पंचायत भवन के बाहर नारेबाजी की और गेट पर ताला जड़ दिया। ग्रामीणों की मांग है कि ग्राम विकास अधिकारी मुकेश लोहार को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।

प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का आरोप है कि VDO न तो गांव की समस्याओं को गंभीरता से लेते हैं और न ही विकास कार्यों में कोई रुचि दिखाते हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब कोई व्यक्ति उनसे अपनी समस्या लेकर जाता है, तो अधिकारी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। यहां तक कि सरपंच के साथ भी उनका व्यवहार असहज और अपमानजनक रहता है।

ग्राम पंचायत बिलिया कलां के सरपंच घनश्याम बारहट ने बताया कि ग्रामीणों का आक्रोश लंबे समय से दबा हुआ था, लेकिन अब सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने कहा, “अधिकारी गांव की किसी भी समस्या का समाधान नहीं कर रहे। नल कनेक्शन से लेकर सड़क मरम्मत तक तमाम मुद्दे अनदेखी का शिकार हैं। ग्रामीणों ने VDO को हटाने की मांग को लेकर पंचायत भवन को ताला लगाकर विरोध दर्ज कराया है।”

प्रदर्शन में महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। सभी का एकमत कहना है कि जब तक अधिकारी को हटाया नहीं जाएगा, आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल पंचायत भवन पर ताला लटका हुआ है और ग्रामीण मौके पर डटे हुए हैं।

स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, जिससे ग्रामीणों में असंतोष और बढ़ता जा रहा है। मामले ने तूल पकड़ लिया है और यदि शीघ्र कोई समाधान नहीं निकाला गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *