राजस्थान में अब प्राइवेट सेंटर पर भी फ्री में होंगे एक्स-रे, भजनलाल सरकार लाएगी वाउचर मॉडल
जयपुर (प्रतीक पाराशर )। राजस्थान सरकार आमजन की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुलभ बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग राज्य में ‘फ्री एक्स-रे वाउचर योजना’ शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इस योजना के अंतर्गत मरीज सरकारी अस्पतालों में एक्स-रे सुविधा नहीं होने की स्थिति में निजी सेंटर पर मुफ्त एक्स-रे करवा सकेंगे।
यह मॉडल पहले से गर्भवती महिलाओं के लिए लागू सोनोग्राफी वाउचर मॉडल पर आधारित होगा, जिसमें पीएचसी/सीएचसी में सुविधा न होने पर मरीज को सरकार की ओर से फ्री वाउचर जारी किया जाता है।
204 सीएचसी और 8 सैटेलाइट हॉस्पिटल में नहीं है एक्स-रे की सुविधा
हाल ही में किए गए स्वास्थ्य विभाग के सर्वे में सामने आया कि प्रदेश के 204 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और 8 सैटेलाइट हॉस्पिटल में एक्स-रे जैसी बेसिक जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इन केंद्रों पर न तो मशीनें उपलब्ध हैं और न ही टेक्नीशियन या इन्फ्रास्ट्रक्चर मौजूद है, जिससे आम मरीजों को निजी लैब में जाकर जांच करवाने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
डिलीवरी, सांस की बीमारी, ट्रॉमा या छोटे ऑपरेशन जैसे मामलों में एक्स-रे जांच आवश्यक होती है, लेकिन संसाधनों की कमी मरीजों को आर्थिक और शारीरिक दोनों ही रूपों में प्रभावित कर रही है।
फ्री वाउचर से मिलेगा तत्काल लाभ, निजी सेंटर पर मुफ्त एक्स-रे संभव
सरकार का मानना है कि अगर एक निजी लैब सीमित संसाधनों में एक्स-रे जांच की सुविधा दे सकती है, तो राजकीय स्वास्थ्य केंद्रों पर भी यह व्यवस्था संभव होनी चाहिए। लेकिन जब तक सभी केंद्रों पर संसाधन नहीं जुटाए जा सकते, तब तक सरकार फ्री वाउचर मॉडल के जरिए यह सुविधा निजी सेंटर के माध्यम से देने जा रही है।
इस योजना के लागू होने से ग्रामीण और दूरदराज़ के मरीजों को समय पर जांच का लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग इस मॉडल को तीव्र गति से लागू करने की दिशा में काम कर रहा है।
राजनीतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से प्रभावी योजना
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि यह योजना सरकार की जन-केंद्रित नीतियों की दिशा में एक व्यावहारिक प्रयास है, जिससे न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि जन विश्वास भी सशक्त होगा। इससे सरकार का “सर्वजन स्वास्थ्य-हित” का विजन भी साकार होता है।