केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भगीरथ चौधरी की अनुशंसा पर किशनगढ़ से मोहनपुरा रोड निर्माण को मिली मंजूरी

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भगीरथ चौधरी की अनुशंसा पर किशनगढ़ से मोहनपुरा रोड निर्माण को मिली मंजूरी
Spread the love

जनसुनवाई का असर: वर्षों पुरानी मांग पूरी, ₹3.5 करोड़ की लागत से होगा सड़क निर्माण कार्य
किशनगढ़ | आवाज़ राजस्थान की | प्रतीक पाराशर

किशनगढ़ क्षेत्रवासियों को लंबे समय से प्रतीक्षित एक बड़ी सौगात मिली है। अजमेर विकास प्राधिकरण ने किशनगढ़ से मोहनपुरा तक सड़क निर्माण कार्य को मंजूरी प्रदान कर दी है, जिसकी कुल अनुमानित लागत ₹3.50 करोड़ है। यह स्वीकृति केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री और अजमेर सांसद श्री भगीरथ चौधरी की अनुशंसा पर दी गई है।

यह सड़क परियोजना न केवल किशनगढ़ शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क प्रदान करेगी, बल्कि क्षेत्र में औद्योगिक, व्यापारिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति देगी। खासकर, मार्बल व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों, दैनिक आवागमन करने वाले नागरिकों और स्थानीय ग्रामीणों के लिए यह सड़क सुविधा का एक मजबूत माध्यम बनेगी।

इस सड़क निर्माण की मांग वर्षों से उठ रही थी। क्षेत्र के लोगों ने इस मुद्दे को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों से संपर्क किया था। इसके बाद केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री भगीरथ चौधरी ने जनभावनाओं को समझते हुए इस प्रकरण को प्राथमिकता से अजमेर विकास प्राधिकरण के समक्ष प्रस्तुत किया। मंत्री श्री चौधरी की तत्परता और प्रयासों के फलस्वरूप प्राधिकरण द्वारा शीघ्र ही स्वीकृति जारी कर दी गई।

सड़क निर्माण को मिली मंजूरी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भगीरथ चौधरी ने कहा कि यह कार्य क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक ठोस पहल है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूर्ण होते देख उन्हें आत्मिक संतोष हुआ है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ हो और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण हो, यह सुनिश्चित किया जाए। मंत्री चौधरी ने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में भी क्षेत्र की हर आवश्यक परियोजना के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

स्थानीय नागरिकों और व्यवसायिक संगठनों ने सड़क स्वीकृति के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया और इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय बताया।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *