दो महीने के कार्यकाल के बाद डीईओ दुबे हुए सेवानिवृत्त
अजमेर | जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक का कार्यभार दो माह पूर्व संभालने वाले शिवकुमार दुबे सोमवार को सेवानिवृत हो गए। मंगलवार को उपा कच्छावा डीईओ पद का कार्यभार संभालेंगी।
स्कूल शिक्षा अधिकारियों की करीब दो माह पूर्व जारी तबादला सूची में दुबे को डीईओ माध्यमिक मुख्यालय के पद पर भी नियुक्ति की गई थी। जो दो माह बाद ही 30 जून को रिटायर हो गए। हालांकि अच्छी बात यह है कि डीईओ माध्यमिक मुख्यालय के पद पर पहले से ही नाम तय कर दिया गया था। 1 जुलाई से नई डीईओ उषा कच्छावा होंगी। गौरतलब है कि एक मई को शिवकुमार दुबे को अनिल कुमार जोशी के स्थान पर डीईओ मुख्यालय लगाया गया था। सोमवार को सेवानिवृति पर अधिकारियों, कर्मचारियों व विभिन्न शिक्षक संगठनों द्वारा माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। डीईओ दुबे ने अपने अल्प समय के कार्यकाल में अवकाश की गलत गणना के कारण लंबे समय से 123 बेसिक कम्यूटर अनुदेशकों के स्थायीकरण के मामले का निस्तारण कर उन्हें स्थायी करके तोहफा दिया था।
कच्छावा आज करेंगी कार्यभार ग्रहण
डीईओ माध्यमिक मुख्यालय के पद पर उषा कच्छावा मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करेंगी। उनका नाम डीईओ माध्यमिक मुख्यालय के पद पर पहले से तय कर दिया गया था दुबे के सेवानिवृत होने के बाद कच्छावा कार्यभार संभालेंगी।