केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने गुरु पूर्णिमा पर गुरुओ से की भेंट
निम्बार्क पीठाधीश्वर श्रीजी महाराज, दादू दयाल पीठाधीश्वर बक्शी महाराज और मसाणिया भैरव धाम मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज का लिया आशीर्वाद
किशनगढ़ | शनिवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने गुरुओ का आशीर्वाद लिया।
कृषि राज्य मंत्री चौधरी ने निम्बार्क तीर्थ पहुँचकर निम्बार्क पीठाधीश्वर अनंत विभूषित जगद्गुरु श्याम शरण देवाचार्य श्रीजी महाराज, सुरसुरा पहुँचकर दादू दयाल पीठाधीश्वर बक्शी महाराज और राजगढ़ पहुँचकर मसाणिया भैरव धाम के मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया एवं श्रीफल व शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया।
इस दौरान केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने राजगढ़ मसाणिया भैरव धाम पर आयोजित “गुरु पूर्णिमा महोत्सव” में उपस्थित धर्मावलंबियों को सम्बोधित किया।
कृषि राज्य मंत्री चौधरी ने कहा कि यह पावन पर्व अपने पूज्य गुरुओं का वंदन व अभिनन्दन करने का है। गुरुओं के मार्गदर्शन, कृपा एवं आशीर्वाद से प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन को सही मार्ग पर रखते हुए समाज को भी सार्थक दिशा प्रदान कर सकता है।
गुरुओं का आशीर्वाद पाकर जो शांति और ऊर्जा मिलती है वह अवर्णनीय है।
गुरु भारतीय संस्कृति में हमेशा से पूजनीय रहे हैं, गुरु ही वो ज्योति है जो हमें अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और प्रकाश के मार्ग की ओर ले जाते हैं।